- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सरकार ने रविवार को भारतीय नागरिकों को इबोला से प्रभावित अफ्रीकी देशों में न जाने की एडवाइजरी जारी की। एडवाइजरी में कहा गया कि जब तक जरूरी न हो, भारतीय नागरिक कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की यात्रा न करें।
WHO के मुताबिक, 21 मई तक कांगो में इबोला के 746 मामले सामने आए हैं। वहीं, इससे 176 लोगों की मौत हुई है।
हर साल करीब 2.5 लाख से 3.5 लाख भारतीय टूरिज्म और व्यापार के लिए अफ्रीका जाते हैं। इनमें से करीब 15 हजार लोग हर साल युगांडा, कांगो और दक्षिण सूडान जाते हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
नितिन नबीन पहली बार आधिकारिक कर्नाटक दौरे पर; पूर्व सीएम येदियुरप्पा से मिले

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी पहली आधिकारिक कर्नाटक यात्रा के दौरान बेंगलुरु में पार्टी मुख्यालय ‘जगन्नाथ भवन’ में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। वे पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और राज्य अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र से मिले।
अब वे 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सांगठनिक समीक्षा के लिए 29 और 30 मई को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे।
UPSC प्रीलिम्स आज, दो शिफ्ट में हो रही परीक्षा शुरू, 8 लाख से ज्यादा लोग दे रहे एग्जाम

देश भर के 83 सेंटर्स में संघ लोक सेवा आयोग का सिविल सर्विस प्रीलिम्स एग्जाम हो रहा है। पहले परीक्षा सेंटर्स की संख्या 80 थी, लेकिन भीड़ कम करने के लिए भुवनेश्वर, कानपुर और मेरठ में तीन नए सेंटर्स जोड़े गए।
इन नए सेंटर्स के लिए करीब 23 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इसमें 8 लाख से ज्यादा आवेदक शामिल हुए हैं।
परीक्षा सेंटर्स के बाहर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक और रेटिना स्कैनिंग के बाद ही सेंटर्स में प्रवेश दिया गया।
कश्मीर के बारामूला में आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश, गोला-बारूद बरामद

कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने निलसर कांडी इलाके में आतंकियों के छिपने के ठिकाने का पता लगाया है। यहां से विस्फोटक और गोला-बारूद बरामद हुआ है। आधिकारिक ने बताया कि बारामूला पुलिस, 52 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF ने इलाके में संयुक्त ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान 14 राउंड OG-7V रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड अमुनिशन और 09 राउंड पीजी-7पी रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड अमुनिशन बरामद हुआ।
दिल्ली हाईकोर्ट की विनेश फोगाट को एशियाई खेलों के ट्रायल्स में हिस्सा लेने की इजाजत दी

दिल्ली हाई कोर्ट ने निर्देश दिया है कि पहलवान विनेश फोगाट को 30 और 31 मई को होने वाले एशियाई खेल 2026 के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की इजाजत दी जाए। कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि ट्रायल्स की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के स्वतंत्र पर्यवेक्षक इसकी निगरानी करें।
संसद रत्न पुरस्कार 2026 के लिए 12 सांसद और 4 संसदीय समितियां चुनी गईं

एक प्राइवेट संगठन ने रविवार को इस वर्ष के संसद रत्न पुरस्कारों के लिए 12 सांसदों और चार संसदीय समितियों का चयन किया है।
प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन ने बयान जारी कर बताया कि व्यक्तिगत कैटेगरी में BJP के जगदंबिका पाल, पीपी चौधरी, निशिकांत दुबे और शिवसेना के श्रीकांत एकनाथ शिंदे को चुना गया है।
इसके अलावा प्रवीण पटेल, विद्युत बरन महतो, लुंबाराम चौधरी, हेमंत विष्णु सवारा, स्मिता उदय वाघ, नरेश गणपत म्हास्के, मेधा विश्राम कुलकर्णी और नरहरी अमीन को विभिन्न कैटेगरी में सम्मानित किया जाएगा।
चार संसदीय समितियों को भी पुरस्कार दिया जाएगा। इनमें कृषि समिति, वित्त समिति, ग्रामीण विकास और पंचायती राज समिति और खान समिति शामिल हैं।
तेलंगाना में BRS के नेता की हत्या, लाश के टुकड़ों को बोरे में भरकर फेंका

तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में भारत राष्ट्र समिति (BRS) के लोकल नेता चिंतलपति मधु की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक उनकी लाश के टुकड़ों को एक बोरे में भरकर हाईवे के पास पुलिया के नीचे फेंकी गई थी। मधु शुक्रवार शाम से लापता थे, जिसके बाद उनकी पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का शक है कि पुरानी दुश्मनी के चलते हत्या की गई। बताया जा रहा है कि मधु को जान-पहचान के लोगों ने बहाने से बुलाया था। वह पहले एक हत्या के मामले में मुख्य गवाह भी रह चुके थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गढ़चिरौली में माओवादियों की हथियार फैक्ट्री का खुलासा, 8 माओवादी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने जंगल में छिपाई गई माओवादियों की हथियार बनाने और स्टोर करने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई “ऑपरेशन अंतिम प्रहार” के तहत की गई, जो सरेंडर कर चुके माओवादियों से मिली गुप्त जानकारी के आधार पर शुरू हुई थी।
ऑपरेशन के दौरान AK-47, INSAS, SLR समेत 51 हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद, डेटोनेटर और 65 लाख रुपये से ज्यादा नकदी बरामद हुई।
गढ़चिरौली पुलिस और CRPF ने इस अभियान में आठ माओवादियों को गिरफ्तार किया और पांच सीनियर कैडर का सरेंडर करवाया। गिरफ्तार लोगों में कई बड़े माओवादी नेता शामिल बताए गए हैं।
तेलंगाना के जूनियर कॉलेजों में मिलेगा मिड-डे मील

तेलंगाना सरकार ने राज्य के सभी जूनियर कॉलेजों में 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए मिड-डे मील योजना शुरू करने को मंजूरी दे दी है। साथ ही इंदिराम्मा हाउसिंग स्कीम के दूसरे चरण में 2.5 लाख घर बनाने का फैसला भी लिया गया है।
कैबिनेट ने हैदराबाद क्षेत्र में एलआईजी वर्ग के लिए एक लाख घर बनाने और नई लाइफ साइंसेज पॉलिसी को भी मंजूरी दी। सरकार का लक्ष्य 2030 तक तेलंगाना को दुनिया के टॉप-5 लाइफ साइंसेज हब में शामिल करना है।
राहुल गांधी ने सुसाइड करने वाले नीट के छात्र के परिवार से बात की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान के नीट के छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार से फोन पर बात की। छात्र ने पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या कर ली थी।
परिवार ने बताया कि बेटे की पढ़ाई के लिए उन्होंने 11 लाख रुपये का लोन लिया था। राहुल गांधी ने परिवार को न्याय और हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं NSUI ने परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
