गंगा एक्सप्रेस-वे पर मनमानी टोल वसूली का आरोप:बीजेपी नेता ने गडकरी-योगी को शिकायत भेजी, कहा- 146 KM के ₹1720 कटे

Actionpunjab
3 Min Read




संभल के भाजपा जिला पंचायत सदस्य अवधेश प्रताप सिंह ने गंगा एक्सप्रेसवे पर मनमानी टोल वसूली की शिकायत केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। उन्होंने आरोप लगाया कि 146 किलोमीटर की दूरी के लिए उनसे 1720 रुपये का टोल वसूला गया, जबकि नियमानुसार यह राशि काफी कम होनी चाहिए। अवधेश प्रताप सिंह ने यह शिकायत रविवार को बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक को भी दी। शिकायत में बताया गया कि 23 मई को दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी स्कॉर्पियो (यूपी 38 एएल 5052) और अपने संबंधी डॉ. अमित चौहान की हुंडई (यूपी 21 बीबी 4418) के साथ लहरावन टोल से गंगा एक्सप्रेसवे पर शाहजहांपुर के लिए चढ़े थे। शाहजहांपुर टोल पर उतरने पर 390 रुपये का टोल टैक्स कटा। उसी दिन शाम करीब 8 बजे वापसी में शाहजहांपुर से चढ़ने के बाद उनकी गाड़ी से लगातार चार बार टोल काटा गया, जिसकी राशि 400 रुपये, 435 रुपये, 235 रुपये और 260 रुपये थी। कुल मिलाकर, लहरावन से शाहजहांपुर टोल की 146 किलोमीटर की दूरी के लिए उनकी स्कॉर्पियो से 1720 रुपये और डॉ. अमित चौहान की हुंडई से 1515 रुपये का टोल वसूला गया। सिंह के अनुसार, लहरावन से शाहजहांपुर तक 146 किलोमीटर की दूरी के लिए 24 घंटे के भीतर वापसी यात्रा पर नियमानुसार लगभग 500 रुपये का टोल लगना चाहिए। लेकिन उनसे निर्धारित शुल्क से कहीं अधिक राशि वसूली गई। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी गाड़ी का एक टोल खड़खड़ी, मेरठ वाले टोल प्लाजा से भी कटा है, जो कि असामान्य है। अवधेश प्रताप सिंह ने इस पूरे मामले को संदेह के घेरे में बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह लापरवाही या भ्रष्टाचार का मामला हो सकता है। उन्होंने बहजोई थाना अध्यक्ष के पास शिकायत दर्ज कराई है और बताया कि वे इस संबंध में जिलाधिकारी से भी बात करेंगे। थाना पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया कि इसका विरोध करने पर लहरावन टोल पर तैनात कर्मचारी झगड़ा करने पर आमादा हो गए। आपको बता दे कि भाजपा नेता ने शिकायत भेजते हुए टोल कटने की पर्ची भी भेजी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *