![]()
कोटा में रविवार को दैनिक भास्कर और रेजोनेंस की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं एजुकेशन फेयर मेधावी विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया। स्टेशन रोड स्थित सियाम ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हाड़ौती क्षेत्र के 15 हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में कोटा के साथ-साथ बूंदी, बारां और झालावाड़ से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी और उनके अभिभावक पहुंचे। प्रतिभा सम्मान समारोह में सीबीएसई और आरबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को दो पारियों में आयोजित किया गया। पहली पारी में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जबकि दूसरी पारी में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक 12वीं के विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों के लिए ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी की गई थी, जहां छात्र-छात्राओं ने अपनी मार्कशीट की प्रति जमा करवाकर सम्मान प्राप्त किया। समारोह के दौरान शिक्षा, प्रशासन और उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां मंच पर मौजूद रहीं। इन अतिथियों ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया और सफलता के गुर बताए। रेजोनेंस के फाउंडर एंड हेड आरके वर्मा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। वहीं रावतभाटा एएसपी भगवंत सिंह हिंगड ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच रखने और निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों ने भी अतिथियों से करियर और पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे, जिनके जवाब विशेषज्ञों ने विस्तार से दिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष चैन सिंह राठौड़ मौजूद रहे। इसके अलावा कोटा डेयरी के एमडी दिलकुश मीणा, एलबीएस ग्रुप के निदेशक कुलदीप माथुर, सेंट जोसेफ स्कूल के प्रेसिडेंट टीकमलाल शर्मा, जय मिनेश आदिवासी विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नमीता गोस्वामी, एमिटी यूनिवर्सिटी जयपुर के प्रतिनिधि डॉ. भूपेश सिंह, मोदी ग्रुप के डायरेक्टर राघव मोदी, मैग्नम एड्यू की ब्रांच हेड चंचल माहेश्वरी, एलीगेंट इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर रीटा शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामचरण मीणा, रेजोनेंस फिजिक्स एचओडी भारत कुमार मटोरिया, एम बी इंटरनेशनल के डायरेक्टर दिनेश विजय और शुभम विजय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। दैनिक भास्कर के क्लस्टर हेड अमृतांशु उपाध्याय, संपादक नरेंद्र कुमार जाट और यूनिट हेड अभिषेक सोनी ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। समारोह में सामाजिक सरोकारों की भी झलक देखने को मिली। सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक सेंटर की ओर से समारोह में पहुंचे विद्यार्थियों और अभिभावकों की नि:शुल्क नेत्र जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए कोटा डेयरी की ओर से सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को छाछ का वितरण किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की। प्रतिभा सम्मान समारोह और एजुकेशन फेयर के मुख्य प्रायोजक रेजोनेंस एड्यू वेंचर्स रहे। कार्यक्रम में केईडीएल, एमिटी यूनिवर्सिटी जयपुर, सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल, मैग्नम एडुकेयर सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, एलबीएस ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस, जय मीनेश आदिवासी यूनिवर्सिटी, एलिगेंट इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, एमडी इवेंट्स, ऑर्डिनरी-टू ब्रांड, बजरंग टेंट हाउस और अरमान कैटर्स का सहयोग रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन गोपाल सोनी ने किया। समारोह के अंत में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
दैनिक भास्कर-रेजोनेंस प्रतिभा सम्मान समारोह में उमड़ा मेधावियों का उत्साह:15 हजार विद्यार्थियों का सम्मान, मेडल पाकर खिल उठे चेहरे
Leave a comment