![]()
चंडीगढ़ के सेक्टर-9 मार्केट में सरेआम सड़क पर शराब परोसी गई। यहां शराब ठेके के बाहर बर्फ के गोलों (चुस्की) में शराब मिलाकर लोगों को मुफ्त बांटे गए। इसका वीडियो भी सामने आया है। जहां लोग शराब वाले बर्फ के गोले लेते दिखे। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में चर्चा और विवाद दोनों शुरू हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि जहां यह पूरा घटनाक्रम हुआ, उसी सेक्टर में चंडीगढ़ पुलिस का मुख्यालय स्थित है। इतना ही नहीं, चंडीगढ़ प्रशासन के शीर्ष अधिकारी और प्रशासक का कार्यालय भी सेक्टर-9 में ही मौजूद है। इसके बावजूद कथित तौर पर खुलेआम चल रहे इस आयोजन की भनक न पुलिस को लगी और न ही एक्साइज विभाग को। अब इसी को लेकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जामुन चुस्की में मिलाई गई वोदका जानकारी के अनुसार मार्केट स्थित एक शराब ठेके के बाहर स्टॉल लगाया गया था। यहां आने वाले लोगों को जामुन फ्लेवर वाली बर्फ की चुस्की दी जा रही थी। दावा किया जा रहा है कि इन चुस्कियों में वोदका मिलाकर परोसी गई। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग स्टॉल के आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। कई लोग हाथों में चुस्की लिए नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि क्या सार्वजनिक जगह पर इस तरह शराब परोसने की अनुमति थी। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौके पर शराब की बोतलें भी बांटी गईं या सिर्फ चुस्की के जरिए शराब परोसी गई। मामले में प्रशासन या आबकारी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल वीडियो वायरल होने के बाद सोशल Media पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने इसे “दारू का लंगर” बताते हुए कहा कि शहर में पहली बार इस तरह खुलेआम शराब को प्रमोशनल तरीके से बांटा गया। लोगों का कहना है कि यदि किसी आम व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब परोसी जाती तो तुरंत कार्रवाई होती, लेकिन हाईप्रोफाइल इलाके में इस तरह का आयोजन होने के बावजूद किसी विभाग ने ध्यान नहीं दिया। कुछ लोगों ने सवाल उठाए कि क्या शराब को खाद्य सामग्री में मिलाकर सार्वजनिक रूप से बांटना आबकारी नियमों के तहत वैध है। साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि क्या आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी। एक्साइज विभाग और पुलिस की भूमिका पर सवाल मामले के बाद अब एक्साइज विभाग और पुलिस दोनों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि सेक्टर-9 जैसे संवेदनशील और वीवीआईपी इलाके में यदि इस तरह का आयोजन होता है तो संबंधित विभागों को इसकी जानकारी कैसे नहीं मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्केट में शाम के समय भारी भीड़ रहती है और पुलिस की नियमित गश्त भी होती है। ऐसे में खुलेआम स्टॉल लगाकर शराब मिलाकर चुस्की बांटना और उसका वीडियो वायरल होना कई सवाल खड़े करता है। सेक्टर-9 मार्केट पहले भी अपने हाईप्रोफाइल माहौल, नाइट कल्चर और देर रात गतिविधियों को लेकर चर्चा में रही है। यहां बड़े कारोबारी, अधिकारी और हाई सोसाइटी से जुड़े लोगों की आवाजाही रहती है। अब ‘शराब वाली चुस्की’ का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर यह मार्केट सुर्खियों में आ गई है।
चंडीगढ़ की पॉश मार्केट में शराब वाली चुस्की का VIDEO:एक्साइज-पुलिस पर उठे सवाल, पुलिस हेडक्वार्टर-प्रशासक कार्यालय से कुछ दूरी पर छल्के जाम
Leave a comment