हरियाणा- बाथरूम में हाथ-पैर बंधे महिला का शव मिला:सोनीपत में अकेली रहती थी; मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ; पति की हो चुकी मौत

Actionpunjab
4 Min Read




हरियाणा के सोनीपत में शनिवार रात एक बुजुर्ग महिला के हाथ-पैर बंधा शव बाथरूम में मिला। महिला के दोनों हाथ-पैर चुन्नी से बंधे हुए थे, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पति की 12 साल पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं, आज जब घर का दरवाजा खुला मिला तो पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा। जिससे उनकी मौत का पता चला। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या और लूट दोनों एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। जानिए पूरा मामला… घर के बाथरूम से मिला शव मृतका की पहचान संतोष (65) के रूप में हुई है, जो जटवाड़ा स्थित गवर्नमेंट स्कूल के सामने गली में अकेली रहती थी। पड़ोसियों के अनुसार, जब काफी देर तक महिला घर से बाहर दिखाई नहीं दी तो आसपास के लोग हालचाल जानने के लिए घर पहुंचे। इस दौरान घर के अंदर बाथरूम में महिला का शव पड़ा मिला। महिला के हाथ-पैर बंधे हुए थे और हालत बेहद संदिग्ध थी। मुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या की आशंका घटनास्थल पर महिला के दोनों हाथ और दोनों पैर चुन्नी से बंधे मिले। इसके अलावा मुंह में कपड़ा डाला गया था। जिस तरीके से शव मिला है, उससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को बाथरूम में डाल दिया गया। पुलिस आसपास के हालात और घर के सामान की भी जांच कर रही है। घर का गेट खुला मिला, AC भी चल रहा था पुलिस जांच में सामने आया कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ था और कमरे में एसी भी चलता मिला। वहीं महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान भी घर में ही रखा मिला है। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात लूटपाट के इरादे से हुई या फिर किसी जान-पहचान वाले ने रंजिश के चलते हत्या को अंजाम दिया। पति की पहले हो चुकी मौत, अकेली रहती थी महिला जानकारी के अनुसार, संतोष के पति पहलवान आनंद की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने एक बेटी को गोद लिया था। बाद में उसकी शादी कर दी गई। इसके बाद से महिला घर में अकेली रह रही थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले और बाद में घर पर कौन आया था। पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। DCP बोले- लूट और हत्या दोनों एंगल से जांच रहे डीसीपी नरेंद्र कादियान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं और उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि महिला मकान में अकेली रहती थी और महिला हाथ पैर बंधे हुए बाथरूम में मिली है। वहीं घर में गहने या अन्य सामान की लूट को लेकर पुलिस जांच करेगी। पुलिस किसी रंजिश के तहत हत्या के एंगल से भी केस की जांच करेगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *