![]()
अलवर जिले में सोमवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। रविवार शाम से शुरू हुई हवाओं का दौर देर रात तेज आंधी-अंधड़ में बदल गया, जो सोमवार सुबह तक लगातार जारी रहा। तड़के करीब 4 बजे से तेज धूल भरी आंधी चलने लगी, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर धूल का गुबार छा गया। मौसम विभाग ने अलवर जिले में आज से 30 मई तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। इसके साथ ही गर्म हवाएं और लू चलने की संभावना जताई गई है। पिछले करीब पांच दिनों से जिले में भीषण गर्मी का दौर लगातार बना हुआ है। कई बार अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। शहर में लोगों को राहत देने के लिए नगर निगम और प्रशासन की ओर से कई जगहों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। जिला अस्पताल परिसर में भी इन दिनों कंस्ट्रक्शन और सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। तेज हवाओं के चलते वहां धूल-मिट्टी ज्यादा उड़ रही है, जिसे नियंत्रित करने के लिए लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है ताकि मरीजों और अस्पताल आने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय शहर की सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम देखने को मिल रही है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। अधिकतर लोग गर्मी से बचाव के लिए छाता, गमछा और पानी की बोतल साथ लेकर निकल रहे हैं। शाम ढलने के बाद ही बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर रौनक बढ़ती दिखाई दे रही है।
पूरी रात तेज आंधी चली,6 दिन हीटवेव का अलर्ट:तापमान 46 डिग्री के पार पहुंचेगा;प्रशासन छिड़काव भी करवा रहा
Leave a comment