![]()
पलवल जिले के हथीन में बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में चोरी का प्रयास विफल हो गया। दो अज्ञात चोरों ने शटर उखाड़कर नकदी चुराने की कोशिश की, लेकिन बैंक के सुरक्षा अलार्म के बजने से वे घबराकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा की हथीन शाखा प्रबंधक संजीव कुमार ने शिकायत में बताया कि देर रात करीब 2 बजे दो अज्ञात चोरों ने एटीएम के मुख्य शटर को जबरन तोड़ दिया। केबिन में घुसने के बाद उन्होंने एटीएम मशीन के मुख्य दरवाजे को तोड़ने का प्रयास किया और कैश डिस्पेंसर मैकेनिज्म को क्षतिग्रस्त कर दिया। अलार्म की आवाज सुनते ही चोर घबराकर भागे इसी दौरान, बैंक का स्वचालित सुरक्षा अलार्म सिस्टम अचानक बज उठा। अलार्म की तेज आवाज सुनते ही चोर घबरा गए और बिना नकदी चुराए तुरंत मौके से भाग निकले। गनीमत रही कि एटीएम की तिजोरी में रखी नकदी पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय हथीन चौकी में तैनात एएसआई महेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ जयंती मोड़ हथीन पर रात्रि गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि एटीएम का शटर उठा हुआ है और ताले टूटे पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने लिए सैंपल पुलिस ने मौके से टूटे हुए ताले कब्जे में लिए और साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाया। इसके बाद बैंक अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई। सुबह बैंक मैनेजर संजीव कुमार ने पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
पलवल के एटीएम में चोरी का प्रयास:शटर का ताला तोड़कर घुसे चोर, अलार्म बजते ही भागे
Leave a comment