Punjab Punjab chandigarh news; Woman Body Blue Drum

Actionpunjab
15 Min Read


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू से जुड़ी रही। AAP ने आरोप लगाया कि बिट्‌टू ने कल संगरूर में लेडी SSP से बदतमीजी की। पुलिस को अपशब्द कहे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिट्‌टू ने पुलिसकर्मी का गिरेबान पकड़ा। बिट्‌टू ने भी इसको लेकर अपनी सफाई दी।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. AAP बोली- बिट्‌टू ने पुलिस को दलाल कहा, कॉलर पकड़ा

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू संगरूर के धुरी में पुलिस से भिड़ने के बाद विवादों में आ गए। बिट्‌टू CM भगवंत मान के पूर्व OSD और BJP नेता ओंकार सिंह को छुड़ाने के लिए गए थे। वहां पुलिस ने रास्ते में बिट्‌टू को रोक लिया। इसके बाद उनकी पुलिस से बहस हुई। यहां तक कि लेडी SSP रवजोत कौर ग्रेवाल से भी उनकी कहासुनी हुई।

इसके बाद AAP मंत्री अमन अरोड़ा ने आरोप लगाया कि बिट्‌टू ने पुलिस को अपशब्द कहे। मंत्री ने गुंडागर्दी की। AAP के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कहा कि बिट्‌टू ने अफसर को कहा कि अगर तुम महिला पुलिस अधिकारी न होती, तो पता नहीं मैं क्या कर देता। बिट्‌टू ने वहां मौजूद अधिकारियों को “दलाल” और “दल्ला” कहा। बिट्टू ने एक गुरसिख पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ा।

कांग्रेस ने भी इस संबंध में सोशल मीडिया पर कहा कि बिट्टू ने कानून अपने हाथ में लेकर एक पुलिस कर्मचारी के गले और दाढ़ी को हाथ लगाया। संविधान और कानून की बातें करने वालों ने ही इसका उल्लंघन किया। बिट्‌टू ने इसको लेकर मंत्री अमन अरोड़ा को जवाब देते हुए कहा कि अमन अरोड़ा खुद पुलिस से भगोड़े हैं और आपको दो साल की सजा हो चुकी है। अगर यह सजा बरकरार रहती है, तो आप न मंत्री रहेंगे, न संतरी (पढ़ें पूरी खबर)

2. खालिस्तान समर्थक ने भारतीय उच्चायुक्त का काफिला रोका, तिरंगा फाड़ा

कनाडा में एक बार फिर खालिस्तान समर्थकों ने भारत विरोधी हरकत की है। प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े खालिस्तानी कार्यकर्ता इंदरजीत सिंह गोसल ने कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश पटनायक का काफिला रोक दिया।

इतना ही नहीं, खालिस्तानी समर्थक ने पुलिस घेरा तोड़कर उनके सामने भारतीय तिरंगे को फाड़ दिया और उसे पैरों तले रौंदने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भारत विरोधी नारे लगाए। साथ ही उसने आरोप लगाया कि पटनायक ने उसकी हत्या की सुपारी दी है।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खालिस्तानी समर्थक की पूरी हरकत दिख रही है। इस घटना के बाद कनाडा सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यह घटना 26 मई को तब हुई जब वैंकूवर में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश पटनायक काफिला के साथ एक कार्यक्रम में जा रहे थे। उनके कार्यक्रम की जानकारी खालिस्तानियों को पहले से थी, इसलिए वे प्रदर्शन करने के लिए पहले ही जमा हो गए थे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. कल प्री-मानसून की बारिश संभव, ओले गिर सकते हैं

पंजाब और चंडीगढ़ में भारी गर्मी पड़ रही है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने पंजाब और चंडीगढ़ में आज सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। 28 मई से मौसम में बदलाव की संभावना है। बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

IMD के अनुसार, 28 मई 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस वजह से 28 मई से 31 मई के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज धूल भरी आंधी (60-70 किमी/घंटा की रफ्तार) और गरज-चमक के साथ प्री-मानसून की बौछारें पड़ने की संभावना है।

राज्य में इस साल मानसून के जून के अंतिम सप्ताह से लेकर जुलाई के पहले सप्ताह (28 जून से 5 जुलाई के बीच) तक पहुंचने की उम्मीद है। पंजाब में मानसून के आने की सामान्य तारीख 30 जून मानी जाती है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. नीले ड्रम में युवती की लाश मिली, हाथ पर हार्ट टैटू

पटियाला में मंगलवार को नीले रंग के ड्रम में एक युवती की लाश मिली। यह ड्रम रेलवे कॉलोनी में पड़ा हुआ था। हत्यारों ने शव को ड्रम के अंदर ठूंसा और ऊपर लाल रंग का ढक्कन लगा दिया, ताकि किसी को शक न हो। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।

युवती के एक हाथ पर “नेहा” लिखा हुआ है, जबकि दूसरे हाथ पर दिल का टैटू बना है। इस टैटू के अंदर अंग्रेजी के अक्षर ‘N’ और ‘A’ गुदे हुए हैं। युवती के चेहरे पर खरोंच के निशान भी हैं। शव को कब्जे में लेकर राजिंदरा अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस को शक है कि प्रेम संबंधों के चलते युवती का कत्ल कर ड्रम में पैक कर फेंका गया है। युवती का परिवार उत्तर प्रदेश के जौनपुर का रहने वाला है, लेकिन मौजूदा समय में पटियाला के पंजाबी बाग में रह रहा है।

कत्ल भी दूसरी जगह किया गया और लाश को ड्रम में पैक करने के बाद कार में डालकर यहां फेंका गया है। पटियाला पुलिस के जांच अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया है कि मंगलवार सुबह करीब सवा 5 बजे थाना अर्बन एस्टेट, पटियाला को टेलीफोन से एक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि डीसीडब्ल्यू पुल के पास कूड़े के ढेर पर एक ड्रम पड़ा है, जिसमें किसी इंसान की लाश दिखाई दे रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. युवक की हत्या, पत्थर से सिर और चेहरा कुचला

लुधियाना में शेरपुर चौक के पास एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव खाली प्लॉट में पड़ा मिला। युवक के चेहरे पर पत्थर मारे गए, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह से खराब हो गया। मृतक की पहचान बृजलाल के रूप में हुई है, जो नवांशहर का रहने वाला था।

थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि उन्हें और शराब चाहिए थी। लेकिन उनके पास पैसे नहीं थे। इसलिए उन्होंने किसी से पैसे छीनने की योजना बनाई। उन्हें ठेके के सामने ही एक युवक बैठा दिखा।

उन्होंने उस युवक से बात की और उसे अपने साथ उठाकर एकांत में ले गए। दोनों युवक को सहारा देकर पास के खाली प्लॉट में ले गए। वहां उन्होंने युवक की जेब से पैसे निकाले। उसने विरोध किया तो दोनों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की और उसके चेहरे व सिर पर बार-बार पत्थरों से वार किए। इसके बाद गंभीर हालत में युवक को प्लॉट में छोड़कर आरोपी मौके से भाग गए। बाद में युवक की मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)

6. अमृतसर के गुरुद्वारे में लगी आग, भगदड़ मची

अमृतसर के गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी शहीद गंज साहिब में टेंट में आग लग गई। इससे यहां श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। आग भड़कते ही सेवादार हरकत में आए और उसे बुझाने में जुट गए। यह टेंट भीषण गर्मी के चलते श्रद्धालुओं के लिए लगाया गया था। 4 दिन पहले यानी रविवार को इसी गुरुद्वारे के लंगर हॉल की शटरिंग गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि करीब 9 श्रद्धालु घायल हो गए थे।

जानकारी के अनुसार यह आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके बाद कपड़े की बनी चांदनियों ने तुरंत आग पकड़ ली और लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और संगत में दहशत फैल गई। पानी की बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।

गुरदयाल सिंह ने सरकार और प्रबंधक समितियों से मांग की कि ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे फायर सेफ्टी और पानी के पक्के प्रबंध होने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है ताकि संगत को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े (पढ़ें पूरी खबर)

7. निकाय चुनाव में कम वोटिंग, नेताओं की बढ़ी टेंशन

लोकल बॉडीज इलेक्शन में वोटिंग के फाइनल आंकड़े सामने आ गए। पिछले लोकल बॉडीज इलेक्शन के मुकाबले इस बार 9.59% मतदान कम हुआ। अर्बन व सेमी-अर्बन एरिया में मतदान कम होने से सभी राजनीतिक दलों के नेता टेंशन में आ गए।

पिछले निकाय चुनावों में जहां 73.53% प्रतिशत वोटिंग हुई थी, वहीं इस बार 63.94% वोटिंग हुई। खासकर बड़े शहरों और नगर निगम क्षेत्रों में इस बार मतदान का ग्राफ काफी नीचे रहा। पॉलिटिकल एक्सपर्ट पवनदीप शर्मा इसके पीछे सबसे बड़ा कारण 2024 निकाय चुनाव में हुए दलबदल को मान रहे हैं।

पंजाब में कुल 12 नगर निगम, 76 नगर परिषद व 21 नगर पंचायतें हैं। नगर निगम, नगर काउंसिल व नगर पंचायत की 75 से 80 सीटें अर्बन व सेमी-अर्बन क्षेत्रों की हैं। एक्सपर्ट का मानना है कि इसीलिए सभी राजनीतिक दलों ने इल चुनावों में पूरी ताकत झोंक दी। (पढ़ें पूरी खबर)

8. दो कुख्यात गैंगस्टर पकड़े, विदेश भागने की फिराक में थे

पंजाब के 2 कुख्यात गैंगस्टर मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किए। ये दोनों हत्या, फिरौती और अन्य कई मामलों में वांटेड थे। इनकी पहचान जसवंत सिंह उर्फ जस्सा और करन कीड़ा के रूप में हुई है। दोनों गैंगस्टर देश छोड़कर विदेश भागने की फिराक में थे। लेकिन ऐन मौके पर खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों और मुंबई पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

जसवंत सिंह उर्फ जस्सा की संबंध दविंदर बंबीहा गैंग से है। जस्सा पर हत्या के प्रयास, फिरौती मांगने और हथियार तस्करी जैसे कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और अंडरग्राउंड होकर गैंग की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। करन कीड़ा अकाली पार्षद की हत्या के मामले में नामजद है।

इस हत्याकांड के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने पंजाब छोड़ दिया था। मुंबई के रास्ते फर्जी दस्तावेजों से देश से बाहर भागने की योजना बना रहा था। उन्हें पकड़ने के बाद मुंबई पुलिस ने पंजाब पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क किया है। दोनों की कस्टडी लेने के लिए पंजाब पुलिस की एक स्पेशल टीम मुंबई के लिए रवाना होने वाली है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

9. देह व्यापार के लिए बुलाई लड़की, युवक बोला- ब्लैकमेल किया

जालंधर में देह व्यापार के लिए ऑनलाइन लड़की बुलाना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक का आरोप है कि लड़की ने पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर उससे दो बार में 15 हजार रुपए ऐंठ लिए। मामला तब बढ़ गया जब बुधवार दोपहर लड़की तीसरी बार उसके घर पहुंच गई और वहां हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद युवक ने पुलिस को बुला लिया।

युवक ने बताया कि उसके दोस्त ने ऑनलाइन संपर्क कर लड़की को बुलाया था। पहली बार लड़की 7,500 रुपए लेकर चली गई। दो दिन बाद वह फिर पहुंची और पुलिस बुलाने की धमकी देकर दोबारा 7,500 रुपए ले गई। युवक ने दावा किया कि उसके पास ऑनलाइन पेमेंट के सबूत भी मौजूद हैं।

लड़की के तीसरी बार घर पहुंचने पर विवाद बढ़ गया। युवक और उसके साथियों ने लड़की को पकड़ लिया। वहीं लड़की का कहना था कि युवक ने उसे खुद बुलाया था और पहली बार उसे पैसे नहीं दिए गए थे। युवक का कहना है कि बदनामी के डर से उसने पहले दोनों बार पैसे दे दिए थे। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। बाद में पुलिस लड़की को अपने साथ थाने ले गई, जहां पूरे मामले की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

10. कल का बिग इवेंट

– ईद पर मस्जिदों में धार्मिक कार्यक्रम -लुधियाना में शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी की अगुआई में कार्यक्रम होगा।

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *