![]()
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के शोध छात्र ऋत्विक त्रिपाठी ने इंडिया ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप सीरीज–2 में सिल्वर मेडल जीता है। फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के एच.आर.डी. विभाग से जुड़े ऋत्विक ने सीनियर वर्ग के -67 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल कर विश्वविद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया। यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित की गई थी। इसमें देश-विदेश के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन धामिकाकाई शीतो-रियु इंटरनेशनल संस्था द्वारा किया गया, जो पारंपरिक कराटे की अनुशासित, तकनीकी और आत्मरक्षा आधारित शैली के प्रचार-प्रसार के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जानी जाती है। यह संस्था युवाओं में आत्मविश्वास, संयम, मानसिक दृढ़ता और शारीरिक क्षमता के विकास पर केंद्रित है। ऋत्विक त्रिपाठी की इस सफलता पर फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के संकायाध्यक्ष, प्रो. अविनाश डी. पाथर्डीकर ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल एवं व्यक्तित्व विकास की सशक्त परंपरा को भी दर्शाती हैं। प्रो. पाथर्डीकर ने ऋत्विक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रो. मानस पांडे, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. प्रवीण मिश्र, अनुपम कुमार और शोध छात्रा अंजली मौर्य सहित विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने ऋत्विक को बधाई दी।
ऋत्विक त्रिपाठी ने कराटे में जीता सिल्वर मेडल:अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में पूर्वांचल विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया
Leave a comment