![]()
नैनीताल के रामनगर में रिजॉर्ट के स्विमिंग पूल में डूबने से 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची स्विमिंग पूल में अपने भाई के साथ नहा रही थी। घटना के समय माता-पिता पूल से कुछ दूरी पर मौजूद थे। बच्ची के डूबने की जानकारी मिलते ही उसे तुरंत पानी से बाहर निकालकर रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पिता मृत बच्ची को गोद में उठाकर दिल्ली के लिए रवाना हो गया। वहीं, रिजॉर्ट की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिल्ली से घूमने आया था परिवार
दिल्ली निवासी एक परिवार रामनगर घूमने आया था और सांवाल्दें स्थित रिजॉर्ट में ठहरा हुआ था। शाम 4 बजे चार वर्षीय बच्ची अपने भाई के साथ स्विमिंग पूल में नहा रही थी, तभी वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। घटना के समय माता-पिता पूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर थे। बच्ची के डूबने की जानकारी मिलते ही उन्होंने उसे तुरंत पानी से बाहर निकाला। डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
डॉ. हिमांशु ने बताया कि शाम साढ़े 4 बजे परिजन बच्ची को रामनगर के अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रिजॉर्ट की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रिजॉर्ट की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि स्विमिंग पूल के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, लाइफगार्ड और निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए थी। जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि रिजॉर्ट प्रबंधन की ओर से सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
रामनगर में स्विमिंग पूल में डूबी 4 साल की मासूम:मृत बच्ची को गोद में उठाकर दिल्ली रवाना हुआ पिता, रिजॉर्ट की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
Leave a comment