सरकारी भूमि से हटे अवैध कब्जे, निपटे आपसी विवाद:'मिशन समाधान' के तहत राजस्व व पुलिस टीमों ने की कार्रवाई, 53 मामले सुलझाए

Actionpunjab
2 Min Read




औरैया जिले में ‘मिशन समाधान’ के तहत राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने और ग्रामीणों के भूमि संबंधी विवादों का समाधान करने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 53 पुराने मामलों का नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया गया। अभियान के तहत तहसील स्तर पर गठित टीमों ने सरकारी भूमि, खाद के गड्ढों, चकरोड, बंजर भूमि, नाली-कूल, तालाब और चकमार्ग जैसी सार्वजनिक संपत्तियों से अतिक्रमण हटवाया। इसके साथ ही ग्रामीणों के बीच लंबे समय से लंबित भूमि विवादों को पैमाइश और निशानदेही कर सुलझाया गया।
तहसील औरैया क्षेत्र के लखनापुर, रुहेरी, लखनपुर, इकौरापुर, लुहियापुर, ऊमरसाना फफूंद और धर्मपुर समेत विभिन्न गांवों में कुल 19 मामलों का निस्तारण किया गया। यहां चकमार्ग, तालाब, खेल मैदान, नाली और बंजर भूमि पर हुए अवैध कब्जों को हटाकर विवादों का समाधान कराया गया।
वहीं तहसील अजीतमल के शाहपुर, नवादा, सेऊपुर, रूरूआ, हैदरपुर, रहमापुर, भदसान, बहादुरपुर ऊंचा, मुहद्दीनपुर, विरूहुनी और सोनासी सहित विभिन्न गांवों में 20 पुराने मामलों का निस्तारण किया गया। टीमों ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश कराई और अवैध अतिक्रमण हटवाए। तहसील बिधूना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में भी अभियान चलाकर 14 मामलों का समाधान किया गया। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर विवादित भूमि की पैमाइश कराई तथा सार्वजनिक भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाया। प्रशासन का कहना है कि ‘मिशन समाधान’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है, जिससे लोगों को त्वरित न्याय मिल सके और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *