बीजेपी विधायक बोले-चुनाव तिकड़म से जीते जाते, विकास से नहीं:प्रधानों से श्याम प्रकाश बोले- साम, दाम, दंड, भेद सब करो, अगला चुनाव आपको ही जीतना है

Actionpunjab
2 Min Read




हरदोई में गोपामऊ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि चुनाव विकास से नहीं, बल्कि ‘तिकड़म’ से जीते जाते हैं। यह बयान उन्होंने शनिवार को टड़ियावां ब्लॉक के झम्मन लाल स्मृति सभागार में प्रधानों के कार्यकाल में 6 माह की वृद्धि के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में दिया। विधायक इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। विधायक श्याम प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने भी कई विकास कार्य कराए हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि जिन गांवों में उन्होंने सड़कें बनवाईं, वहां से उन्हें अपेक्षित वोट नहीं मिले। उन्होंने मंच से प्रधानों को सलाह दी, “साम, दाम, दंड, भेद जो भी तिकड़म कर पाना कर लेना, लेकिन अगला चुनाव आपको ही जीतना है।” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे भाजपा सरकार का प्रधानों से विश्वास उठ जाए। ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में 6 माह की वृद्धि के सरकार के निर्णय के बाद टड़ियावां ब्लॉक सभागार में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान प्रधानों ने क्षेत्रीय विधायक श्याम प्रकाश को फूलमाला और तलवार भेंट कर सम्मानित किया। अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए विधायक ने कहा कि चुनाव केवल विकास पर नहीं, बल्कि राजनीतिक समीकरणों और रणनीतियों के आधार पर भी जीते जाते हैं। उन्होंने प्रधानों के कार्यकाल विस्तार के निर्णय का स्वागत किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख और विधायक श्याम प्रकाश के पुत्र रवि प्रकाश, मोहनीश सिंह चंदेल, धर्मेश मिश्रा सहित कई ग्राम प्रधान उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *