![]()
पानीपत पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने सनौली खुर्द और सनौली कलां गांवों में घर-घर जाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। पुलिस टीम ने इस दौरान ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि नशे की लत धीरे-धीरे व्यक्ति को अपने जाल में फंसा लेती है, जिससे उसका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित होता है। इसके साथ ही, आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो जाती है, जिससे परिवार को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नशे के कारण होती है अपराधों में वृद्धि टीम ने स्पष्ट किया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे के कारण चोरी, घरेलू हिंसा और सड़क दुर्घटनाएं जैसे अपराधों में वृद्धि होती है। यह व्यक्ति की सोचने और निर्णय लेने की क्षमता को भी कमजोर कर देता है, जिससे वह गलत रास्तों की ओर अग्रसर हो सकता है। अभियान के दौरान, टीम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उनके साथ नियमित संवाद बनाए रखें। परिवार की भूमिका बच्चों को सही दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। सही मार्गदर्शन मिलने पर युवाओं को नशे जैसी बुराई से बचाया जा सकता है। अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने बताया कि हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने जोर दिया कि नशा न केवल शरीर को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह सामाजिक ताने-बाने को भी कमजोर करता है।
पानीपत पुलिस का सनौली में नशा मुक्ति अभियान:घर- घर जाकर ग्रामीणों से किया संवाद, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया
Leave a comment