सुल्तानपुर सपा में गुटबाजी, जिलाध्यक्ष का छलका दर्द:ऑडियो आया सामने; जनता के मुद्दों पर प्रदर्शन से कई नेता रहे नदारद

Actionpunjab
2 Min Read




सुल्तानपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर आंतरिक कलह सामने आई है। जनता से जुड़े मुद्दों पर हुए प्रदर्शनों में पार्टी के कई प्रमुख नेता अनुपस्थित रहे, जिसके बाद सपा जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस क्लिप में जिलाध्यक्ष ने गुटबाजी और कुछ नेताओं की मंशा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह घटनाक्रम पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर हुए प्रदर्शनों के बाद सामने आया। मंगलवार को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बिजली समस्या, नीट पेपर लीक और स्थानीय मुद्दों को लेकर बल्दीराय और लंभुआ विधानसभा क्षेत्रों के तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित किए गए थे। बल्दीराय में हुए प्रदर्शन से इसौली के सपा विधायक नदारद रहे। वहीं, लंभुआ में पूर्व विधायक संतोष पांडेय और उनकी टीम ने स्वयं को प्रदर्शन से अलग रखा, जबकि उन्हें पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है। लंभुआ में पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र वर्मा ‘बाजीगर’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और एसडीएम को 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस प्रदर्शन से विधानसभा अध्यक्ष सहित क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारियों ने भी दूरी बनाए रखी। हालांकि, पार्टी महासचिव सलाउद्दीन डैमेज कंट्रोल के लिए मौके पर पहुंचे थे। बाद में, प्रदर्शन से दूर रहे नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर इसे विफल बताने का प्रयास भी किया गया। इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव की एक ऑडियो क्लिप सामने आई, जिसमें वह कह रहे हैं कि कार्यक्रम “जबरदस्ती” किया गया था। ऑडियो में उनका दर्द भी छलका, जब उन्होंने कहा, “जब भात यादवों के यहां होता है तो ये कुर्मी होकर जाकर भाषण करते हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें हटाकर पृथ्वी पाल यादव को जिलाध्यक्ष बनवाना चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “मान लीजिये 5 हजार की भीड़ हो, वो यादव बगवात कर दे तो क्या होगा तुम्हारा।”

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *