![]()
जिले के भूना क्षेत्र के गांव बैजलपुर में भाखड़ा नहर में गिरे 18 वर्षीय युवक राहुल उर्फ धोनी की डेडबॉडी आज (रविवार) सुबह बरामद कर ली गई है। नहर में डेडबॉडी तीन पुल क्रॉस करके आगे बह गई। करीब 10 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर डुमा वाले पुल के पास डेडबॉडी को बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शाम तक अंतिम संस्कार होगा। बता दें कि, गुरुवार शाम को भूना के वार्ड नंबर 13 निवासी राहुल उर्फ धोनी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार सहित भाखड़ा नहर में गिर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल ने कार से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह डूब गया और पानी के साथ बह गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और भूना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोर को भी बुलाया गया और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन राहुल नहीं मिला। इसके बाद उसकी नहर में तलाश शुरू की गई। अब उसकी डेडबॉडी बरामद कर ली गई है। हेयर सैलून पर सीख रहा था काम परिजनों के अनुसार, राहुल भूना में एक हेयर सैलून पर काम सीख रहा था। गुरुवार को वह घर पर ही था। दोपहर बाद को वह घर से स्विफ्ट कार लेकर निकला और गांव बैजलपुर में भाखड़ा नहर और सिद्धमुख नहर के बीच कच्चे रास्ते पर गाड़ी लेकर पहुंचा। इसी दौरान अचानक वह गाड़ी समेत भाखड़ा नहर में गिर गया। तीन बहन-भाईयों में सबसे छोटा राहुल भूना निवासी महेंद्र सिंह का सबसे छोटा बेटा था। महेंद्र सिंह का परिवार मजदूरी करता हैं। महेंद्र सिंह के बच्चे हैं, जिनमें 2 बेटे और एक बेटी है। बेटी शादीशुदा है। दो बेटों में बड़ा नसीब (20) जबकि छोटा राहुल (18) है। राहुल के दादा रामकुमार सरकारी पिओन रह चुके हैं। डेडबॉडी बरामद कर ली गई- SHO भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि भाखड़ा नहर में गिरे युवक राहुल की डेडबॉडी बरामद कर ली गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
तीन दिन बाद मिली भाखड़ा-नहर में गिरे युवक की डेडबॉडी:तीन पुल क्रॉस कर 10 किमी आगे पहुंचा शव; आज होगा अंतिम संस्कार
Leave a comment