![]()
कन्नौज जिले में शासन ने नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और जिला अस्पताल में नए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) की नियुक्ति की है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। हरदोई जिले में तैनात डॉ. विकास चंद्रा अब कन्नौज के नए सीएमओ का पदभार संभालेंगे। उन्होंने डॉ. स्वदेश गुप्ता का स्थान लिया है। हालांकि, डॉ. स्वदेश गुप्ता को कहां स्थानांतरित किया गया है, इस बारे में देर शाम तक विभाग को कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ। डॉ. स्वदेश गुप्ता के खिलाफ शासन स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं की जांच चल रही थी। स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने स्वयं ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी थी। लंबे समय से जांच चलने के बावजूद उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। उधर, जिला अस्पताल में कानपुर नगर के जिला अस्पताल से डॉ. गोपाल नारायण द्विवेदी को नया सीएमएस नियुक्त किया गया है। उन्होंने डॉ. अशोक प्रियदर्शी का स्थान लिया है, जो 30 अप्रैल को डॉ. शक्ति बसु के सेवानिवृत्त होने के बाद एक महीने के लिए प्रभारी सीएमएस बनाए गए थे। विशेष सचिव रवि रंजन ने डॉ. विकास चंद्रा और डॉ. गोपाल नारायण द्विवेदी को तत्काल नए तैनाती वाले स्थानों पर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए हैं।
कन्नौज को मिले नए सीएमओ और सीएमएस:पुराने सीएमओ पर वित्तीय अनियमितताओं की चल रही थी जांच
Leave a comment