![]()
चंडीगढ़ में मामूली सड़क विवाद ने देर रात खतरनाक रूप ले लिया। साइड देने को लेकर बाइक और एक्टिवा सवार युवकों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक आरोपी ने अपने घर से देसी कट्टा लाकर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और दो युवक बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही थाना-19 पुलिस की प्रभारी इंस्पेक्टर सरिता राय टीम सहित मौके पर पहुंचीं और एक आरोपी को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके साथी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जय किशन निवासी सेक्टर-30, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है। रात एक बजे के बाद शुरू हुआ विवाद पुलिस के अनुसार घटना सोमवार देर रात करीब 1 बजे के बाद की है। सेक्टर-33 और सेक्टर-20 को जोड़ने वाली सड़क पर एक बाइक पर दो युवक सवार होकर अपने घर की ओर जा रहे थे। दोनों युवक सेक्टर-20 में पीजी में रहते हैं और निजी कंपनी में काम करते हैं। इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की एक एक्टिवा पर सवार जय किशन और उसका साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि एक्टिवा चालक ने तेज रफ्तार में बाइक को ओवरटेक करते हुए आगे से कट मार दिया। इससे बाइक सवार भड़क गए और उन्होंने कहा कि क्या उसे दिखाई नहीं देता, हॉर्न भी बजा सकता था। इस बात पर एक्टिवा सवारों ने भी जवाब दिया और दोनों पक्षों के बीच सड़क पर ही तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ देर तक कहासुनी चलती रही, जिसके बाद दोनों अपने-अपने रास्ते निकल गए। पीछा कर पता लगाया कहां रहते युवक विवाद के बाद बाइक सवार युवक अपने सेक्टर-20 स्थित पीजी पहुंच गए। उन्होंने नीचे बाइक खड़ी की और तीसरी मंजिल पर अपने कमरे में सोने चले गए। पुलिस जांच में सामने आया कि एक्टिवा सवार युवकों ने उनका पीछा किया और यह देख लिया कि वे किस मकान में रहते हैं और बाइक कहां खड़ी करते हैं। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद जय किशन और उसका साथी सेक्टर-30 स्थित अपने घर पहुंचे। वहां से जय किशन ने एक देसी कट्टा उठाया और दोनों दोबारा सेक्टर-20 पहुंच गए। सेक्टर-20 पहुंचकर आरोपियों ने नीचे खड़ी बाइक को तोड़ना शुरू कर दिया। बाइक टूटने की आवाज सुनकर पीजी में रह रहे दोनों युवक तीसरी मंजिल से नीचे उतर आए। एक्टिवा स्टार्ट नहीं हुई तो बढ़ गया विवाद बाइक में तोड़फोड़ करने के बाद आरोपी वहां से भागना चाहते थे, लेकिन उनकी एक्टिवा स्टार्ट नहीं हो रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक भी नीचे पहुंच गए और दोनों पक्षों में फिर से गाली-गलौज शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि जय किशन ने अचानक अपने पास मौजूद देसी कट्टा निकाल लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आरोपी ने फायरिंग कर दी। गोली चलते ही इलाके में दहशत फैल गई। दोनों युवक जान बचाने के लिए मौके से भाग गए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना-19 की प्रभारी इंस्पेक्टर सरिता राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर जय किशन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया। हालांकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी जय किशन नशे का आदी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसके पास देसी कट्टा कहां से आया और वह पहले भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं।
चंडीगढ़ में साइड को लेकर विवाद के बाद फायरिंग:दो युवक बाल-बाल बचे; देसी कट्टे सहित एक गिरफ्तार, घर से हथियार लेकर आया
Leave a comment