![]()
कोटा शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में नहर खुदाई कार्य के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी रविंदर वंशकार के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृतक के चाचा शालीगराम ने बताया कि खुदाई का कार्य चल रहा था। रविंदर ठेकेदार के अधीन मजदूरी का काम करता था। आरोप है कि ठेकेदार ने उसे गहरे गड्ढे में काम करने के लिए उतारा था। इसी दौरान मिट्टी खिसक गई और ऊपर रखा सीमेंट का भारी पाइप उसके ऊपर गिर गया। पाइप के नीचे दबने से रविंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे और ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने रविंदर को तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रेलवे कॉलोनी थाने के एएसआई महेंद्र ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि शिवपुरी निवासी एक मजदूर खुदाई कार्य के दौरान घायल हो गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था। हादसे के दौरान वह गड्ढे में गिरकर सीमेंट के पाइप से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजन मध्य प्रदेश से कोटा पहुंच चुके हैं। पुलिस का कहना है कि यदि परिजनों की ओर से ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दी जाती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मजदूर के ऊपर गिरा पाइप, मौत:परिजनों ने ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप, मध्य प्रदेश से कोटा काम करने आया था
Leave a comment