![]()
जालौन के उरई शहर के एक निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। मामला शहर स्थित पीएल कमला हॉस्पिटल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार एक प्रसूता को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने लापरवाही बरती, जिसके चलते प्रसूता की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। आरोप है कि प्रसूता की मौत होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी परिजनों को समय पर नहीं दी और मामले को छिपाने का प्रयास किया। परिजनों का कहना है कि जब प्रसूता की मौत हो चुकी थी, तब भी अस्पताल प्रशासन ने उसे गंभीर बताकर दूसरे अस्पताल रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी। आरोप है कि मृतका को जबरन एंबुलेंस में डालकर अन्य अस्पताल भेजने का प्रयास किया गया, जिससे परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने विरोध जताया और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी डॉक्टरों और स्टाफ के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। उरई कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम को अस्पताल भेजा गया था। परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया गया है। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों द्वारा लिखित तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत, परिजनों का हंगामा:जालौन में लापरवाही का आरोप, शव रेफर करने की कोशिश
Leave a comment