करनाल बॉबी हत्याकांड मामले में बढ़ा दबाव:दलित समाज की महापंचायत, 7 दिन बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार,आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़ा परिवार

Actionpunjab
4 Min Read




करनाल में इंद्री के चूरनी जागीर गांव के 22 वर्षीय बॉबी की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के सात दिन बाद भी परिवार ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। इसी बीच बुधवार को करनाल के शवगृह के बाहर दलित समाज की महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति और अंतिम संस्कार को लेकर फैसला लिया जाएगा। मामले को लेकर बढ़ते दबाव के बीच पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणियां ने जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित कर दी है। अब पुलिस और प्रशासन की नजर भी महापंचायत पर टिकी हुई है। गिरफ्तारी तक संस्कार नहीं करने की जिद
बॉबी के परिजनों का कहना है कि जब तक मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पिछले सात दिनों से शव पोस्टमॉर्टम हाउस में रखा हुआ है और परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। मृतक के चाचा मुकेश, बंटी, दीपक, पिता संदीप और भाई अभिषेक समेत अन्य परिजन सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने जांच अधिकारी बदलने और मामले की जांच किसी अन्य अधिकारी को सौंपने की मांग की थी। एसपी ने उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया था। डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में बनी एसआईटी
परिजनों की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डीएसपी मुख्यालय संदीप कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। टीम में कुंजपुरा थाना प्रभारी राजपाल समेत अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है। एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है और लगातार परिजनों के संपर्क में बनी हुई है। पीजीआई की रिपोर्ट पहुंची, डॉक्टरों की राय का इंतजार
मंगलवार देर शाम पीजीआई चंडीगढ़ से एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने रिपोर्ट की जानकारी परिजनों को भी दी है। अब बुधवार को डॉक्टरों से राय लेने के बाद रिपोर्ट के निष्कर्षों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अहम भूमिका निभाएगी। महापंचायत में जुटेंगे बड़ी संख्या में लोग
आज यानी बुधवार को प्रस्तावित महापंचायत को लेकर दलित समाज ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में लोगों के शवगृह के बाहर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस का खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बने। पुलिस बोली- हर पहलू की जांच जारी
एसआईटी प्रभारी एवं डीएसपी मुख्यालय संदीप कुमार ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों से लगातार संवाद किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे। महापंचायत के बाद परिजनों से अंतिम संस्कार को लेकर भी बातचीत की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *