![]()
बांसवाड़ा शहर में एक बार फिर चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राजतालाब थाना क्षेत्र के अगरपुरा विनायक नगर गली नंबर 5 में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने दुकान पर बैठी एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से करीब ढाई तोले की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बदमाश फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पहले सामान खरीदा, फिर 100 रुपए गिराकर रची साजिश जानकारी के अनुसार पीड़िता अपनी दुकान पर बैठी थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक ग्राहक बनकर वहां पहुंचे। दोनों ने पहले महिला से कुछ सामान खरीदा और भुगतान के रूप में 100 रुपए का नोट दिया। इसके बाद उन्होंने बेहद शातिर तरीके से नोट को जानबूझकर जमीन पर गिरा दिया। जैसे ही महिला पैसे उठाने के लिए नीचे झुकी, उसी समय पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन निकाल ली और दोनों तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो गए। पहचान छिपाने के लिए अपनाया पूरा प्लान बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी तैयारी की हुई थी ताकि उनकी पहचान न हो सके। बाइक चला रहे आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे बदमाश ने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था और सिर पर टोपी पहनी हुई थी। इस वजह से उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम घटना की सूचना मिलते ही राजतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।
दुकान पर बैठी महिला के गले से तोड़ी चेन:सामान लेने के बहाने आए थे बाइक सवार बदमाश, वारदात कर फरार
Leave a comment