![]()
हिसार जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तलवंडी राणा में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप के छठे दिन विभिन्न ज्ञानवर्धक और मनोरंजक गतिविधियां हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के पूर्व प्राचार्य देवीलाल शर्मा ने की। गणित प्राध्यापक सुभाष आर्य ने संचालन किया, जबकि कैंप की नोडल अधिकारी निर्मल भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र, सरस्वती वंदना, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इतिहास प्राध्यापक प्रद्युमन ने विद्यार्थियों को भारत के नक्शे, प्रमुख नदियों, पर्वतों, ऐतिहासिक स्थलों और प्रसिद्ध स्मारकों के बारे में जानकारी दी। बच्चों को तंबाकू, शराब से दूर रहने की सलाह दी मुख्य वक्ता डॉ. यशवीर दहिया ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने धूम्रपान, जर्दा, गुटखा, शराब जैसे नशों से दूर रहने की सलाह दी, जिससे टीबी, दमा, अल्सर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। डॉ. दहिया ने संतुलित और मौसमी भोजन अपनाने, प्रोटीन, विटामिन और फाइबर युक्त आहार लेने तथा फास्ट फूड व तले हुए खाद्य पदार्थों से परहेज करने पर जोर दिया। उनके विचारों से प्रभावित होकर विद्यार्थियों ने नशा न करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली। संगीत की बारीकियों से कराया अवगत इसके बाद संगीत प्राध्यापक दामोदर सिंह ने विद्यार्थियों को संगीत की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने मधुर गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान अतर सिंह जांगड़ा भी उनके साथ मौजूद रहे। कैंप में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रसिद्ध स्मारकों के चित्रांकन प्रतियोगिता में स्वाति ने प्रथम, भारती और मानषी ने द्वितीय तथा आर्यन और अनूप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दीपिका और अंजलि प्रथम, संजय और कुबेर द्वितीय तथा सुप्रिया और अंजलि तृतीय स्थान पर रहे। विद्यार्थियों ने सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एसएमसी के प्रधान सुरेश कुमार, सदस्यगण, स्टाफ सदस्य अनुराधा, सुनीता और कई अभिभावक भी उपस्थित थे।
बालसमंद में बच्चों को दी संगीत और संस्कृति की जानकारी:तलवंडी राणा में समर कैंप, फास्ट फूड से दूर रहने की सलाह दी
Leave a comment