HRTC ड्राइवर-कंडक्टर के साथ मारपीट करते हुए टूरिस्ट।
हिमाचल प्रदेश के परवाणू में पंजाब से आए टूरिस्टों द्वारा हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के ड्राइवर और कंडक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। अब इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। इसमें टूरिस्ट गंदी गालियां देते हुए सुनवाई दे रहे है
.
पुलिस के अनुसार, शिमला जिले के रामपुर डिपो की HRTC बस (HP-06B-4571) रामपुर से अंबाला की ओर जा रही थी। बीते बुधवार को दोपहर बात करीब 4 बजे परवाणू के टोल प्लाजा के समीप बस ड्राइवर गिरजा राम ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर के कारण गाड़ी की स्पीड को कम किया। तभी पीछे से आ रही पंजाब नंबर की कार (PB-10-DF-0774) बस से टकरा गई।
इसके बाद कार में सवार टूरिस्टों और HRTC कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पंजाब से आए पर्यटकों ने ड्राइवर-कंडक्टर के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें टूरिस्ट महिलाओं की मौजूदगी में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं।

परवाणू में HRTC ड्राइवर-कंडक्टर से बहस करते हुए पर्यटक।
अमृतसर के गजेंद्र और चमकोर के खिलाफ मामला दर्ज
इसके बाद, बस कंडक्टर अमनजीत सिंह और ड्राइवर गिरजा रामने ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने देर शाम ड्राइवर-कंडक्टर की शिकायत पर पंजाब के अमृतसर निवासी गजेंद्र और चमकोर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि टूरिस्ट से शिमला से सैर करके वापस पंजाब लौट रहे थे।
HRTC ड्राइवर-कर्मचारी भड़के
वहीं, इस घटना के बाद HRTC कर्मचारियों में रोष है। उनका कहना है कि सार्वजनिक परिवहन सेवा में लगे कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदेश में पंजाब और हरियाणा के पर्यटकों द्वारा बार बार मारपीट की घटनाएं सामने आ रही है।

परवाणू में अमृतसर के टूरिस्ट की क्षतिग्रस्त गाड़ी।
25 दिन में पर्यटकों की कथित मारपीट के 5 बड़े मामले
10 मई को कुल्लू के बंजार में पंजाब के टूरिस्टों ने मारपीट की और तलवारें लहराईं। इसमें दो स्थानीय लोग घायल हुए।
24 मई को शिमला में हरियाणा के एक टूरिस्ट ने HRTC ड्राइवर को पीटकर लहूलुहान कर दिया।
29 मई को मनाली में पंजाब के कुछ टूरिस्ट चलती गाड़ी की छत पर बैठकर हुड़दंग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका तो एक टूरिस्ट ने तलवार लहरा दी।
30 मई को कसोल में पंजाब के टूरिस्टों ने स्थानीय युवकों पर फायरिंग की। इसमें एक स्थानीय युवक घायल हुआ।
3 जून को परवाणू में HRTC के ड्राइवर और कंडक्टर से मारपीट की गई।

परवाणू में बहस करते हुए टूरिस्ट।