![]()
पंजाब के लुधियाना से एक के बाद एक 9 लड़कियों के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने के मामले में पंजाब महिला आयोग ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर को तलब कर दिया है। महिला आयोग को 8 जून तक रिपोर्ट देने को कहा है। पंजाब महिला आयोग ने पुलिस कमिश्नर को इस मामले की तुरंत किसी सीनियर रैंक के अधिकारी से निष्पक्ष जांच करवाने को कहा है। पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने पुलिस कमिश्नर को लिखा है कि यह मामला बेहद गंभीर है। इसलिए इसे गंभीरता से लें। आयोग ने “पंजाब राज महिला आयोग एक्ट, 2001” की धारा 12 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस पर सुओ-मोटो नोटिस जारी कर दिया है। पंजाब में महिलाओं की सुरक्षा हमारी मुख्य प्रतिबद्धता महिला आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि आयोग पंजाब के भीतर महिलाओं के अधिकारों, मान-सम्मान और उनकी मुकम्मल सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है। इस तरह एक साथ 9 लड़कियों का गायब होना कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है, जिसकी गहराई से जांच होना बेहद जरूरी है। लापता लड़कियों की डिटेल, जानिए… कुल्लेवाल (जमालपुर) से तीन बहनें एक साथ गायब 27 मई 2026 को कुल्लेवाल इलाके से तीन नाबालिग ममेरी-चचेरी बहनें (उम्र 14, 15 और 16 वर्ष) एक साथ अचानक लापता हो गईं। बाद में बड़ी लड़की ने एक अज्ञात नंबर से परिवार को फोन कर बताया कि वह अंबाला (हरियाणा) में है और एक युवक उसे शादी का झांसा देकर ले गया है। उस युवक ने बाकी दोनों छोटी बहनों को उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेन में जबरन बिठा दिया था। पुलिस के अनुसार दोनों छोटी लड़कियों को सुरक्षित लोकेट (ट्रेस) कर लिया गया है। सराभा नगर से 16 साल की डोमेस्टिक वर्कर लापता 24 मई 2026 राजगुरु नगर में डोमेस्टिक वर्कर के रूप में काम करने वाली एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की शाम करीब 7 बजे काम खत्म करके घर लौट रही थी। उसने अपनी साइकिल जे-ब्लॉक स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के बाहर खड़ी की और गायब हो गई। सीसीटीवी फुटेज में वह आखिरी बार मंदिर के बाहर अकेली पैदल जाती दिखी थी। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया है। 3. सलेम टाबरी से 18 साल की युवती गायब; पुलिस पर लापरवाही का आरोप 27 अप्रैल 2026 मोहल्ला पीरू बंदा की रहने वाली 18 वर्षीय युवती अपने जन्मदिन के अगले ही दिन (27 अप्रैल को) 11वीं कक्षा में एडमिशन के लिए स्कूल जाने का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पड़ोस का एक युवक भी उसी दिन से गायब है। परिवार का आरोप है कि लड़की के बालिग होने का तर्क देकर पुलिस ने एक महीने तक एफआईआर दर्ज नहीं की थी। अब पुलिस ने दबाव में मामला दर्ज किया है। 4. अन्य 4 मामले इन 5 लड़कियों के गायब होने से पहले शहर के अलग-अलग थानों में 4 अन्य लड़कियों के लापता होने के मामले दर्ज थे।
पंजाब महिला आयोग ने लुधियाना कमिश्नर को किया तलब:9 लड़कियां गायब होने पर मांगी रिपोर्ट, कहा- जांच सीनियर रैंक के अधिकारी से करवाएं
Leave a comment