![]()
सिरसा जिले की उप तहसील गोरीवाला में एक दुकानदार पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। यह घटना गोरीवाला पुलिस चौकी के समीप बस स्टैंड पर हुई। झगड़े में बर्तन एवं गंगाराम ट्रेडिंग कंपनी के संचालक अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। दुकान पर कार्यरत दो कर्मचारी अमित और अभिषेक को भी चोटें आई हैं। इसका एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर दुकानदार को बाहर बुलाते और उसे पीटते दिख रहे हैं। हमलावरों काफी संख्या में थे तो शॉप पर काम करने वाले दो युवक उसे छुड़वाने गए तो उनको भी पीटना शुरू कर दिया। उनको भी काफी चोटें आई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार देर रात को वह दुकान से घर जाने की तैयारी में थे। करीब 11 से 12 युवकों ने दुकान के बाहर अरविंद पर कापे (तेजधार हथियार) से हमला किया। इस हमले में अरविंद के सिर पर गंभीर चोट लगी। घायल अरविंद ने गोरीवाला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सात युवकों को नामजद करते हुए उन पर जानलेवा हमला करने और दुकान में लूटपाट की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों और व्यापारियों में नाराजगी है। इसकी जांच में गोरीवाला पुलिस चौकी जुटी है। परिजन बोले, इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर काटने पड़े परिजन बोले, हमले के बाद घायल अरविंद को उपचार के लिए कई अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़े। परिजनों के अनुसार, उन्हें पहले गोरीवाला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चौटाला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चौटाला में भी उपचार न मिलने पर उन्हें डबवाली भेजा गया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण देर रात उन्हें सिरसा के लिए रेफर किया गया। आरोप है कि सिरसा अस्पताल में स्टाफ ने टांके लगाने से मना कर दिया। स्टाफ ने कहा कि पर्ची पर चोट कम दर्ज है, जबकि घाव गहरा था। इसके बाद पीड़ित को वापस लौटना पड़ा। सुबह करीब चार बजे वे फिर चौटाला पहुंचे, लेकिन वहां भी इलाज नहीं मिला। अंततः सुबह छह बजे गोरीवाला लौटकर एक निजी अस्पताल में उनके सिर पर टांके लगाए गए। पुलिस ने जांच शुरू की
गोरिवाला चौकी प्रभारी जयपाल सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पीड़ित और अन्य लोगों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सरपंच प्रतिनिधि व ग्रामीणाें ने की निंदा
गांव के सरपंच प्रतिनिधि जयपाल बग्गी सहित अन्य ग्रामीणों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने घायल को समय पर उपचार न मिलने के मामले की भी जांच कराने की मांग उठाई है।
डबवाली में दुकानदार पर तेजधार हथियार से हमला, CCTV:चौकी से कुछ दूरी पर घटना, शॉप कर्मियों को भी पीटा, व्यापारियों में रोष
Leave a comment