एक लाख पौधे लगाने का लिया संकल्प:विधायक बोले-पौधारोपण का संकल्प लेकर उसकी जिम्मेदारी लें, पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें

Actionpunjab
14 Min Read




विश्व पर्यावरण दिवस पर जोधपुर शहर में कई कार्यक्रम हुए। इस दौरान एक अधिकारी ने एक लाख पौधे लगाने की घोषणा की। वहीं शहर विधायक अतुल भंसाली ने भी पौधारोपण का संकल्प लेकर उसकी जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान लोगों को ई-व्हीकल यूज करने की भी अपील की गई।
इधर, जोधपुर शहर में कल से भागवत कथा का आयोजन होगा। इसे लेकर शुक्रवार को शोभायात्रा निकाली गई। पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें पौधारोपण कार्य संकल्प के साथ करें – अतुल भंसाली
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर वन, कायलाना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वन विभाग कार्मिकों, पर्यावरण प्रेमियों तथा आमजन ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण को एक संकल्प के रूप में अपनाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों क्षेत्रों में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ लोगों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। पर्यावरण प्रेमी प्रसन पूरी ने कहा कि स्थानीय जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप प्रजातियों का चयन कर पौधारोपण किया जाना चाहिए, जिससे पौधों के जीवित रहने और विकसित होने की संभावना अधिक रहती है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की ओर से पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं जनजागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशंसा-पत्र एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों एवं नागरिकों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अधिकाधिक पौधारोपण करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में राजेन्द्र पालीवाल, आईएएस प्रशिक्षु उमेश कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपतलाल सुथार, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड जगदीश चौधरी, अधिशासी अभियंता नरेगा सोहम शर्मा, क्षेत्रीय वन अधिकारी मण्डोर कृष्ण कुमार परमार, सहायक वन संरक्षक शिवप्रकाश विश्नोई सहित जनप्रतिनिधिगण , पर्यावरण प्रेमी, युवा एवं महिलाएं मौजूद थे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर ऐतिहासिक जल स्रोतों का पूजन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा खांडा फालसा मंडल के तत्वावधान में भीतरी शहर के ऐतिहासिक जल स्रोतों के संरक्षण व सम्मान के उद्देश्य से ‘‘अमृत अभिनंदन, अमृत आभार’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदियों से शहर को पेयजल उपलब्ध करा रहे जेता बेरा, चांद बावड़ी और नवचौकिया बेरा का पूजन कर पुष्प अर्पित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल एवं शहर विधायक अतुल भंसाली मुख्य रूप से मौजूद रहे। खांडा फलसा मंडल अध्यक्ष अरविंद पुरोहित ने बताया कि वर्तमान समय में पेयजल संरक्षण एक गंभीर विषय बनता जा रहा है। ऐसे में पारंपरिक जल स्रोतों, ऐतिहासिक जल संरचनाओं और स्थानीय जैव विविधता के संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों को संवेदनशील होकर आगे आना होगा। सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का दिलाया भरोसा
शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि जोधपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर की संस्कृति और विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने में जनसहयोग आवश्यक है। इस दौरान विधायक भंसाली ने पारंपरिक शैली में हथेली से जल ग्रहण कर जल स्रोतों से अपने जुड़ाव को प्रदर्शित किया। पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए संकल्प
कार्यक्रम के दौरान अनुप्रणी फाउंडेशन की ओर से पक्षियों के लिए जल पात्र भेंट किए गए। वहीं समाजसेवी प्रमोद भंडारी ने 100 ट्री गार्ड सहित पौधों के वितरण की घोषणा की। इतिहासकार गोविंदराज पुरोहित ने कहा कि राजकालीन जल संरचनाएं सदियों से शहरवासियों की प्यास बुझाती आ रही हैं और इनके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। पर्यावरणविद् शरद पुरोहित ने जल संरक्षण, मिट्टी बचाओ अभियान और नगर वन जैसी पहल से जुड़कर प्रकृति संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया। पर्यावरण प्रेमियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में विवेक अग्रवाल, मनीष सोलंकी, भरत जैन सहित अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाले कई पर्यावरण साथियों का सम्मान भी किया गया। अंत में मंडल अध्यक्ष अरविंद पुरोहित व आलोक चौरड़िया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। लेखा अधिकारी लगाएंगे एक लाख पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खेमे का कुआं स्थित विक्टोरिया पैलेस परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण प्रेमी एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के लेखा अधिकारी महावीर चंद लोढ़ा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर महावीर चंद लोढ़ा ने कहा कि वृक्ष प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि अब तक वे 1000 से अधिक पौधे लगा चुके है। आने वाले समय में उन्होंने 1 लाख पौधे लगाने का टारगेट लिया है। इस दौरान महावीर बाफना, दर्शन बाफना, पाल जैन, डॉ. दिव्य जैन, अनिल छाजेड़, भावना डागा, संदीप बागरेचा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे। संस्कृति और संविधान में लिखे मूल कर्तव्य से बेहतरीन वातावरण बनाएं: आचार्य इं. दरिया सिंह
द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) जोधपुर लोकल सेंटर द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को इंजीनियर्स भवन, गौरव पथ पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ‘ए ग्लोबल कॉल फोर क्लाइमेट एक्शन’ पर वर्कशॉप हुई। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन आईई(आई) जोधपुर लोकल सेंटर के संयुक्त सचिव एवं कन्वीनर डॉ. अभिषेक आर्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा- वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, जल संकट एवं प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी चुनौतियों के समाधान के लिए इंजीनियर्स, टीचर्स और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। तकनीकी शिक्षा बोर्ड, राजस्थान के पूर्व चेयरमैन एवं सेव मदर अर्थ इंटरनेशनल ग्रुप के संस्थापक आचार्य (इं.) दरिया सिंह, एफआईई ने पर्यावरणीय संकट एवं जल संरक्षण पर बात कही। वे बोले- कोरोना से भी अधिक गंभीर चुनौती ग्लोबल वार्मिंग जनित “वाटर लॉकडाउन” के रूप में सामने आ सकती है और उसके संकेत आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने सभी इंजीनियर्स और नागरिकों से अपील की- कि वे पर्यावरण संरक्षण को व्यक्तिगत एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में स्वीकार करें। आईई(आई) जोधपुर लोकल सेंटर की चेयरमैन ई. रेशमा राम हुड्डा ने कहा- विश्व पर्यावरण दिवस जैसे अवसर समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराते हैं। कार्यक्रम के अंत में मानद सचिव ई. अमित लोहिया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का समापन संवाद सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने जल संकट, जलवायु परिवर्तन, वर्षा जल संचयन, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम में शहर के अनेक अभियंता, शिक्षाविद, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत नागरिक उपस्थित रहे कैसे करें स्मार्ट लाइफ मैनेजमेंट प्रोग्राम 7 को
जीवन को सही दिशा देने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सफलता और खुशहाली के सूत्र सीखने के उद्देश्य से संबोधि धाम ट्रस्ट मंडल द्वारा कैसे करें स्मार्ट लाइफ मैनेजमेंट” का आयोजन 7 जून रविवार सुबह 9 से 11:30 बजे तक संबोधि धाम, कायलाना रोड पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में राष्ट्रसंत चंद्रप्रभ महाराज मौजूद रहेंगे। प्रोग्राम प्रभारी डॉ. मुनि शांतिप्रिय सागर महाराज ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य विषय “खुशहाल और सफल जीवन की कुंजी” रहेगा, जिसमें युवाओं को जीवन प्रबंधन के महत्वपूर्ण सूत्र बताए जाएंगे। आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में समय का सदुपयोग कैसे करें, तनाव को कैसे नियंत्रित करें, लक्ष्य निर्धारण कैसे करें, आत्मविश्वास को कैसे बढ़ाएं तथा सकारात्मक सोच के माध्यम से जीवन को सफलता की ओर कैसे ले जाएं, जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। संबोधि धाम के उपाध्यक्ष जे एल राठी और सचिव प्रवीण मेहता ने बताया कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए उपयोगी रहेगा। राष्ट्रसंत अपने प्रेरणादायक विचारों के माध्यम से युवाओं को जीवन में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, आत्मचिंतन और आत्मविकास के महत्व से परिचित कराएंगे। कार्यक्रम में आने वाले भाई बहनों को योग एवं मेडिटेशन के पावरफुल प्रयोग भी सिखाए जाएंगे।
सात दिवसीय भागवत कथा कल से, आज निकाली कलश यात्रा नारायण शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में छह जून से 12 जून तक जालोरी गेट के अन्दर महालक्ष्मी स्कूल प्रांगण में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर एक से शाम पांच बजे तक होगी। कथा का वाचन चारधाम आश्रम, उज्जैन के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी शांतिस्वरूपानंद गिरी महाराज के श्रीमुख से होगा।
आयोजन समिति सदस्य ललित थानवी ने बताया कि कथा के शुभारंभ से पूर्व शाम 5 बजे फतेहपोल से महालक्ष्मी स्कूल प्रांगण तक कलश यात्रा निकाली गई। भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों का वाचन किया जाएगा। छह जून को शुकदेव परिक्षित जन्म कथा, वारह अवतार, श्रीमद् भागवत महत्व, सात जून को अनुसूया ध्रुव चरित्र, शिवविवाह, आठ जून को जड़ भरत प्रहलाद चरित्र नृसिंह अवतार, नौ जून को गजेन्द्र मोक्ष, वामन अवतार, राम कथा, कृष्ण जन्म, दस जून को नन्द महोत्सव, गिरिराज महोत्सव, 56 भोग, 11 जून को कंस वध, महा रासलीला, रुकमणि विवाह, 12 जून को सुदामा चरित्र, कथा पूर्ण आहुति, महाआरती, प्रसादी वितरण होगा। इसके अलावा प्रतिदिन प्रतिदिन रात आठ से दस बजे तक जोधपुर के विख्यात कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा।
वीर तेजाजी नगर में दूषित जल की शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंची विभागीय टीम वीर तेजाजी नगर, बासनी क्षेत्र में दूषित पानी सप्लाई की शिकायत पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर आलोक रंजन के निर्देश पर टीम ने वहां का निरीक्षण भी किया। पीएचईडी एसई राजेंद्र मेहता ने बताया- प्रारंभिक जांच में क्षेत्र की सीवरेज होदियों के भरे होने एवं ओवरफ्लो की स्थिति सामने आई है। इसके कारण सीसी रोड के नीचे स्थित पुराने एवं क्षतिग्रस्त उपभोक्ता जल संबंधों के माध्यम से विभागीय पाइपलाइन में दूषित पानी के प्रवेश की आशंका पाई गई है। उन्होंने बताया कि सांगरिया ग्राम पंचायत से कॉर्डिनेट कर हौदियों को तत्काल खाली करवाने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि समस्या के पूर्ण समाधान तक क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावित परिवारों को टैंकर से पानी सप्लाई करवाया जाएगा।
मानसून के दौरान सीवरेज एवं ड्रेनेज शिकायतों के निस्तारण के लिए बनाया कंट्रोल रूम आगामी मानसून एवं वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जोधपुर शहर में राजस्थान शहरी आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर संचालित सीवरेज एवं ड्रेनेज कार्यों से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए आरयूआईडीपी पीआईयू, जोधपुर ऑफिस में कंट्रोल रूम बनाया गया है। आरयूआईडीपी एसई केपी व्यास ने बताया- मानसून के दौरान आमजन को होने वाली संभावित असुविधाओं को कम करने तथा सीवरेज एवं ड्रेनेज काम की शिकायतों के निस्तारण के लिए सोशल आउटरीच टीमों का गठन किया गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *