संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम ने सुनीं 151 शिकायतें:देवरिया में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी

Actionpunjab
4 Min Read




देवरिया जिले के बरहज तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने 151 जनसमस्याओं की सुनवाई की और अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर भी उपस्थित रहे और पुलिस विभाग से संबंधित मामलों को सुना। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। डीएम ने अविवादित वरासत प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और धारा-24 एवं धारा-116 के पुराने मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपालों और कानूनगो को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी। चार अधिकारियों को नोटिस, स्वास्थ्य एवं राजस्व व्यवस्थाओं की समीक्षा
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण एवं शहरी), अधिशासी अभियंता नलकूप तथा क्षेत्रीय विपणन अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) सत्रों और सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को चेकलिस्ट के साथ भेजते हुए उसी दिन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए सभी विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करें। मौके पर बने तीन राशन कार्ड, जरूरतमंदों को मिला राहत का भरोसा
समाधान दिवस में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्राम खोरी निवासी असमीना खातून ने पति-पत्नी दोनों के दिव्यांग होने और आर्थिक तंगी की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। डीएम ने उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी क्रम में तीन पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड मौके पर ही बनाए गए। इनमें बड़कागांव निवासी मनीषा देवी, बेलदार निवासी ब्यूटी सिंह तथा खोरी निवासी असमीना खातून शामिल रहीं। राशन कार्ड मिलने पर लाभार्थियों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। वहीं ग्राम खुदिया बुजुर्ग निवासी रामदुलारे सिंह द्वारा पोखरी पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित पत्रावली तलब कर जांच के निर्देश दिए। बरहज निवासी जगदीश प्रसाद जायसवाल की विद्युत समस्या के समाधान के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया। 151 शिकायतों में 27 का मौके पर निस्तारण, राजस्व विभाग के सबसे अधिक मामले
तहसील बरहज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 151 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सर्वाधिक 76 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जिनमें 21 मामलों का निस्तारण हुआ। इसके अलावा पुलिस विभाग के 20, विकास विभाग के 8, खाद्य एवं रसद विभाग के 7, समाज कल्याण विभाग के 3 तथा अन्य विभागों से संबंधित 37 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, उपजिलाधिकारी बरहज हरिशंकर लाल, जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *