Aaj Ka Tarot Rashifal (Horoscope Today)

Actionpunjab
18 Min Read


  • Hindi News
  • Jeevan mantra
  • Jyotish
  • Aaj Ka Tarot Rashifal (Horoscope Today) | Daily Tarot Rashifal Tuesday (9 June 2026), Daily Zodiac Forecast: Singh Rashi, Kanya, Aries, Taurus, Gemini Cancer Libra, And Other Signs

42 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मंगलवार, 9 जून को मेष राशि वालों के पुराने संपर्कों से फायदा हो सकता है। वृष राशि वालों को नए ऑर्डर मिलने के संकेत हैं। मिथुन राशि वालों को अनुभवी व्यक्ति से मार्गदर्शन मिलेगा। कन्या राशि वालों के लिए बिजनेस में लाभ की संभावना है।

तुला राशि वालों को पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। धनु राशि वालों को साझेदारी से फायदा होगा। मकर राशि वालों का सामाजिक सम्मान बढ़ेगा और कुंभ राशि वालों को अधूरा काम पूरा करने का मौका मिलेगा।

टैरोकार्ड रीडर डॉ. बबीना से जानिए कैसा रहेगा आपका दिन…

मेष – सिक्स ऑफ कप्स आज का दिन आत्मीय संबंधों को महत्व देने का है। परिवार में किसी पुराने प्रसंग की चर्चा से भावनात्मक माहौल बनेगा। लंबे समय बाद किसी परिचित से संपर्क हो सकता है। पुराने फोटो, दस्तावेज या वस्तुओं को व्यवस्थित करने का विचार बन सकता है। आर्थिक मामलों में अतीत के अनुभव लाभ देंगे।

करियर – पुराने संपर्क लाभदायक सिद्ध हो सकते हैं। पहले किए गए काम की सराहना मिल सकती है। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को पुराने परिचय के माध्यम से अवसर मिल सकता है। व्यवसाय में पुराने ग्राहक दोबारा सक्रिय हो सकते हैं। लव – प्रेम में पुरानी यादें विशेष भूमिका निभाएंगी। साथी के साथ बिताए सुखद क्षण संबंधों में गर्माहट बढ़ाएंगे। अविवाहित लोगों का संपर्क किसी ऐसे व्यक्ति से हो सकता है, जिसे वे पहले से जानते हों। मतभेद को भुलाकर आगे बढ़ने की इच्छा होगी। प्रेम में सहजता और आत्मीयता प्रमुख रहेगी। हेल्थ – कुछ लोगों को मौसम बदलने के कारण हल्की एलर्जी की समस्या हो सकती है। पर्याप्त नींद ऊर्जा बनाए रखेगी। मीठे पदार्थों का संतुलित सेवन करें। लकी कलर – स्काई ब्लू, लकी नंबर – 4

वृष – एट ऑफ वांड्स आज का दिन तेज गति और तुरंत होने वाले घटनाक्रम का है। कई काम एक साथ आगे बढ़ सकते हैं। किसी महत्वपूर्ण समाचार से उत्साह बढ़ेगा। लंबे समय से प्रतीक्षित उत्तर मिल सकता है। आर्थिक मामलों में रुकी हुई प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। समय का सही उपयोग करना जरूरी रहेगा। परिस्थितियां आपके पक्ष में तेजी से बदल सकती हैं।

करियर – लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट या डिजिटल कम्युनिकेशन क्षेत्र से जुड़े लोगों को लाभ मिल सकता है। किसी प्रोजेक्ट की मंजूरी उम्मीद से जल्दी मिल सकती है। नौकरी में लंबित काम पूरे होंगे। व्यापारियों को नए ऑर्डर मिलने के संकेत हैं। अवसरों को पकड़ने में देर नहीं करनी चाहिए। लव – साथी की ओर से प्यार भरा मैसेज मिल सकता है। लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में लंबे समय बाद बातचीत तेज होगी। अविवाहित लोगों की किसी यात्रा या ऑनलाइन माध्यम से दिलचस्प मुलाकात हो सकती है। भावनाओं को व्यक्त करने का उचित समय रहेगा। प्रेम में ट्रस्ट और उत्साह दोनों दिखाई देंगे। हेल्थ – यात्रा करने वालों को खानपान का ध्यान रखना चाहिए। हल्का व्यायाम शरीर को संतुलित रखेगा। दिनभर चुस्ती और स्फूर्ति महसूस होगी। लकी कलर – ब्लैक, लकी नंबर – 8

मिथुन – द हाइरोफैंट आज का दिन परंपरा, मार्गदर्शन और अनुशासन का है। परिवार में किसी वरिष्ठ सदस्य की सलाह उपयोगी सिद्ध होगी। धार्मिक या सांस्कृतिक गतिविधि में भाग लेने का अवसर मिल सकता है। घर में मूल्यों और जिम्मेदारियों पर चर्चा होगी। आर्थिक मामलों में नियमों का पालन लाभदायक रहेगा। स्थिर सोच और संतुलित व्यवहार सम्मान दिलाएगा।

करियर – शिक्षा, प्रशासन या परामर्श क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन विशेष रूप से अनुकूल है। अनुभवी व्यक्ति से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिल सकता है। ट्रेनिंग प्रोग्राम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। नौकरी में स्थिरता महसूस होगी। व्यवसाय में नियमों और प्रक्रियाओं का पालन लाभ देगा। लव – साथी के साथ भविष्य और कमिटमेंट पर चर्चा हो सकती है। परिवार की सहमति किसी रिश्ते को आगे बढ़ाने में सहायक बनेगी। अविवाहित लोगों का आकर्षण परिपक्व और जिम्मेदार व्यक्तित्व की ओर हो सकता है। संबंधों में विश्वास और सम्मान की भूमिका मजबूत होगी। प्रेम में स्थिरता और भरोसा प्रमुख रहेगा। हेल्थ – कुछ लोगों को कैल्शियम या पोषण से जुड़ी कमी पर ध्यान देने की जरूरत हो सकती है। समय पर भोजन करना उपयोगी रहेगा। योग और ध्यान सकारात्मक परिणाम देंगे। लकी कलर – बेज, लकी नंबर – 1

कर्क – फोर ऑफ पेंटाकल्स आज का दिन संसाधनों को सुरक्षित रखने का है। आर्थिक मामलों में सतर्कता बढ़ेगी। किसी महत्वपूर्ण वस्तु या दस्तावेज की सुरक्षा पर ध्यान देंगे। घर का वातावरण व्यवस्थित रहेगा। खर्चों की समीक्षा लाभदायक सिद्ध होगी। व्यापारियों को वित्तीय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। स्थिरता बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी।

करियर – अकाउंट्स या वित्तीय प्रबंधन से जुड़े लोगों के लिए दिन अनुकूल है। किसी बजट या संसाधन योजना पर काम करना पड़ सकता है। नौकरी में अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास करेंगे। धीरे, लेकिन स्थिर प्रगति होगी। लव – प्रेम में भावनाओं की अभिव्यक्ति सीमित रह सकती है। साथी को आपकी चुप्पी समझने में समय लग सकता है। अविवाहित लोग किसी नए रिश्ते में जल्दबाजी नहीं करेंगे। विश्वास धीरे-धीरे मजबूत होगा। भावनाओं को पूरी तरह छिपाने के बजाय साझा करना लाभदायक रहेगा। हेल्थ – कंधों या ऊपरी पीठ में जकड़न महसूस हो सकती है। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से बचें। पर्याप्त पानी का सेवन लाभ देगा। दिनचर्या नियमित रखने से ऊर्जा बनी रहेगी। लकी कलर – आइवरी, लकी नंबर – 6

सिंह – फाइव ऑफ कप्स आज का दिन कुछ अधूरी अपेक्षाओं पर विचार करने का है। किसी योजना के अनुसार परिणाम न मिलने से क्षणिक निराशा हो सकती है। परिवार का सहयोग मनोबल बढ़ाएगा। अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा। आर्थिक मामलों में जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें। किसी छूटे अवसर पर अधिक ध्यान न दें। नई संभावनाओं को पहचानना जरूरी रहेगा।

करियर – किसी प्रस्ताव के टलने से निराशा हो सकती है, लेकिन विकल्प मौजूद रहेंगे। होटल मैनेजमेंट या कस्टमर सर्विस क्षेत्र से जुड़े लोगों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। व्यवसाय में पुराने नुकसान से सीखकर नई प्लानिंग बनाई जा सकती है। लव – किसी पुरानी बात को लेकर मन विचलित हो सकता है। साथी का सहयोग स्थिति को संतुलित करेगा। अविवाहित लोग पुराने संबंधों की तुलना वर्तमान अवसरों से करने से बचें। प्रेम में वर्तमान को स्वीकार करना ज्यादा लाभदायक रहेगा। हेल्थ – पर्याप्त आराम जरूरी रहेगा। मानसून के मौसम में पाचन से जुड़ी सावधानी रखें। प्रकृति के बीच समय बिताना लाभकारी रहेगा। धीरे-धीरे ऊर्जा स्तर बेहतर होगा। लकी कलर – रेड, लकी नंबर – 9

कन्या – क्वीन ऑफ पेंटाकल्स आज का दिन व्यावहारिकता, संतुलन और समृद्धि का है। परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता देंगे। घर की व्यवस्था और सुविधा पर विशेष ध्यान रहेगा। किसी महिला सदस्य की सलाह उपयोगी सिद्ध हो सकती है. आर्थिक मामलों में स्थिरता बनी रहेगी। घरेलू जिम्मेदारियां कुशलता से पूरी होंगी। व्यवसाय में लाभ की संभावनाएं बनेंगी। आज सुरक्षा और संतुलन का अनुभव रहेगा।

करियर – मानव संसाधन, पोषण या गृह-संबंधी उद्योग से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिल सकता है। किसी टीम को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी मिल सकती है। वित्तीय मामलों में सूझबूझ लाभ दिलाएगी। व्यावहारिक निर्णय लंबी सफलता का आधार बनेंगे। लव – प्रेम में देखभाल और सहयोग की भावना मजबूत रहेगी। साथी आपकी छोटी-छोटी जरूरतों का ध्यान रख सकता है। अविवाहित लोगों का आकर्षण जिम्मेदार और संवेदनशील व्यक्ति की ओर हो सकता है। प्रेम में स्थिरता और परिपक्वता विशेष रूप से दिखाई देगी। हेल्थ – पोषण और संतुलित भोजन पर ध्यान देने का लाभ मिलेगा। कुछ लोगों को आयरन या विटामिन स्तर की जांच करवाने की जरूरत महसूस हो सकती है। त्वचा की देखभाल लाभकारी रहेगी। लकी कलर – चॉकलेट ब्राउन, लकी नंबर – 7

तुला – सिक्स ऑफ वांड्स परिवार में आपकी किसी सफलता की चर्चा हो सकती है। लंबे समय से किया गया प्रयास सकारात्मक परिणाम देगा। सामाजिक दायरे में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। किसी पारिवारिक आयोजन में आपकी भूमिका विशेष रह सकती है। आर्थिक मामलों में प्रगति के संकेत हैं। सही दिशा में किया गया परिश्रम अंत में पहचान जरूर दिलाता है।

करियर – कॉरपोरेट मैनेजमेंट से जुड़े लोगों को नेतृत्व क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। किसी प्रोजेक्ट की सफलता के बाद वरिष्ठों का विश्वास बढ़ेगा। पदोन्नति या नई जिम्मेदारी भी मिल सकती है। व्यवसाय में ब्रांड की प्रतिष्ठा मजबूत होगी। प्रतिस्पर्धी माहौल में भी आप अलग पहचान बनाने में सफल रहेंगे। लव – साथी आपकी उपलब्धियों पर गर्व महसूस कर सकता है। रिश्ते में सम्मान और समर्थन की भावना मजबूत होगी। संबंधों में भी निकटता बढ़ेगी। आज प्रेम में प्रशंसा और प्रोत्साहन का भाव प्रमुख रहेगा। दिल को यह अहसास होगा कि सही लोग आपकी सफलता में भी साथ खड़े हैं। हेल्थ – कुछ लोगों को लगातार सक्रिय रहने के कारण पिंडलियों में हल्की थकान महसूस हो सकती है। पर्याप्त पानी पीना जरूरी रहेगा। सकारात्मक समाचार मनोबल ऊंचा रखेंगे। लकी कलर – एम्बर, लकी नंबर – 8

वृश्चिक – नाइट ऑफ पेंटाकल्स परिवार में किसी महत्वपूर्ण योजना पर धीरे-धीरे काम आगे बढ़ेगा। घर के लोग आपके व्यावहारिक विचारों की सराहना करेंगे। आर्थिक मामलों में धैर्य लाभ देगा। किसी संपत्ति या लंबे निवेश पर विचार हो सकता है। व्यापार में क्वालिटी और विश्वसनीयता को प्राथमिकता देंगे। आज जल्दबाजी के बजाय निरंतरता ज्यादा लाभदायक सिद्ध होगी।

करियर – कृषि, सप्लाई चेन या उत्पादन क्षेत्र से जुड़े लोगों को स्थिर लाभ मिलने के संकेत हैं। कोई लंबा प्रोजेक्ट धीरे-धीरे सकारात्मक परिणाम देगा। नौकरी में आपकी विश्वसनीयता वरिष्ठों को प्रभावित करेगी। व्यवसाय में नियमित क्लाइंट का सहयोग बना रहेगा। लव – प्रेम में स्थिरता और भरोसा बढ़ेगा। रिश्ते में जल्दबाजी नहीं, बल्कि समझदारी दिखाई देगी। कुछ कपल्स डिनर डेट प्लान कर सकते हैं। भावनाओं की अभिव्यक्ति सीमित रहेगी, लेकिन सच्चाई स्पष्ट दिखाई देगी। प्रेम में स्थायित्व का महत्व अधिक रहेगा। हेल्थ – नियमित टहलना लाभदायक रहेगा। पोषक आहार शरीर को मजबूती देगा। मानसिक रूप से स्थिरता बनी रहेगी। पर्याप्त आराम और संतुलित दिनचर्या ऊर्जा बनाए रखेगी। लकी कलर – सी ग्रीन, लकी नंबर – 5

धनु – द लवर्स आज का दिन महत्वपूर्ण संबंधों और सही चुनावों का है। परिवार में सामंजस्य बढ़ेगा। किसी महत्वपूर्ण विषय पर सभी की सहमति बन सकती है। घर का वातावरण सहयोगपूर्ण रहेगा। आर्थिक मामलों में साझेदारी से लाभ मिलने के संकेत हैं। किसी करीबी व्यक्ति के साथ संवाद नई स्पष्टता देगा। व्यावहारिक और भावनात्मक स्तर पर संतुलन बनाने की जरूरत होगी।

करियर – लीगल कंसल्टिंग या पब्लिक रिलेशन क्षेत्र से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं। किसी संयुक्त प्रोजेक्ट में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। नौकरी में टीम के साथ बेहतर तालमेल सफलता दिलाएगा। सही लोगों के साथ जुड़ना उन्नति का मार्ग खोलेगा। लव – प्रेम में निकटता और समझ बढ़ेगी। साथी के साथ संबंधों को नई दिशा देने पर विचार हो सकता है। विवाह संबंधी चर्चा आगे बढ़ सकती है। रिश्तों में विश्वास और कमिटमेंट बढ़ेगा। प्रेम में दिल और दिमाग दोनों का संतुलन जरूरी रहेगा। हेल्थ – कुछ लोगों को मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन नियंत्रित रखने की जरूरत होगी। पर्याप्त पानी पीना लाभदायक रहेगा। योग और हल्की शारीरिक गतिविधि ऊर्जा बनाए रखेगी। लकी कलर – रोज पिंक, लकी नंबर – 2

मकर – किंग ऑफ कप्स परिवार में किसी संवेदनशील विषय को आप समझदारी से संभालेंगे। घर के लोग आपकी सलाह पर भरोसा करेंगे। किसी रिश्तेदार की समस्या सुलझाने में सहयोग कर सकते हैं। आर्थिक मामलों में संयम लाभ देगा। सामाजिक स्तर पर सम्मान बढ़ेगा। आप धैर्य बनाए रखने में सफल रहेंगे।

करियर – हेल्थकेयर एडमिनिस्ट्रेशन या काउंसलिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों को विशेष सफलता मिल सकती है। किसी टीम विवाद को सुलझाने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। वरिष्ठ आपकी संतुलित सोच की सराहना करेंगे। संतुलित निर्णय क्षमता सफलता का आधार बनेगी। लव – साथी आपकी भावनाओं को समझने का प्रयास करेगा। रिश्ते में सुरक्षा और सम्मान की भावना मजबूत होगी। किसी पुराने भावनात्मक घाव को भरने का अवसर मिलेगा। लव लाइफ में भरोसा और वादा प्रमुख रहेगा। हेल्थ – कुछ लोगों को जल तत्व से जुड़े अभ्यास, जैसे तैराकी या हल्की वॉटर थेरेपी, लाभ दे सकते हैं। नींद की क्वालिटी बेहतर रहेगी। मन और शरीर दोनों अपेक्षाकृत शांत और स्थिर रहेंगे। लकी कलर – मौव, लकी नंबर – 3

कुंभ – टेम्परेंस आज का दिन संतुलन, धैर्य और सामंजस्य का है। परिवार में अलग-अलग विचारों के बीच समझौते का रास्ता निकल सकता है। किसी अधूरे काम को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने का अवसर मिलेगा। आर्थिक मामलों में संतुलित दृष्टिकोण लाभदायक रहेगा। व्यापार में दो अलग योजनाओं को जोड़कर बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। संयम सबसे बड़ी शक्ति बनेगा।

करियर – फार्मास्यूटिकल या क्वालिटी कंट्रोल क्षेत्र से जुड़े लोगों को विशेष सफलता मिल सकती है। कई जिम्मेदारियों को एक साथ संभालना पड़ेगा, लेकिन आप सफल रहेंगे। किसी प्रोजेक्ट में अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल स्थापित करने की भूमिका निभा सकते हैं। लव – साथी के साथ किसी पुराने मतभेद का समाधान निकल सकता है। रिश्ते में संतुलित संवाद विश्वास मजबूत करेगा। अविवाहित लोगों को धीरे-धीरे विकसित होने वाला संबंध आकर्षित कर सकता है। भावनाओं में अतिशयोक्ति से बचना लाभदायक रहेगा। प्रेम में मधुरता और शरारत, दोनों बनी रहेंगी। हेल्थ – कुछ लोगों को शरीर में मिनरल या इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन पर ध्यान देने की जरूरत हो सकती है। पर्याप्त पानी और पौष्टिक आहार लाभ देंगे। दिनभर ऊर्जा का स्तर संतुलित बना रहेगा। लकी कलर – लैवेंडर, लकी नंबर – 1

मीन – पेज ऑफ स्वॉर्ड्स आज का दिन नई जानकारी और जिज्ञासा का है। किसी महत्वपूर्ण समाचार से आपका शेड्यूल बदल सकता है। घर में सीखने और नई योजनाओं पर विचार होगा। आर्थिक मामलों में जानकारी जुटाने के बाद निर्णय लेना बेहतर रहेगा। व्यापार में बाजार के नए रुझानों पर ध्यान देना लाभदायक होगा। सतर्कता और समझदारी दोनों जरूरी रहेंगी।

करियर – डेटा रिसर्च, डिजिटल मीडिया या सूचना प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं। किसी ट्रेनिंग प्रोग्राम से लाभ होगा। नई नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को उपयोगी सूचना मिल सकती है। प्रतिस्पर्धा में आगे रहने के लिए लगातार अपडेट रहना जरूरी होगा। लव – साथी के साथ विचारों का आदान-प्रदान संबंधों को मजबूत करेगा। अविवाहित लोगों की मुलाकात किसी बुद्धिमान और प्रभावशाली व्यक्तित्व से हो सकती है। सोशल नेटवर्क के माध्यम से भी नई निकटता विकसित हो सकती है। प्रेम में समझ और संवाद आकर्षण से ज्यादा महत्वपूर्ण रहेंगे। हेल्थ – आंखों पर अतिरिक्त दबाव महसूस होगा। स्क्रीन टाइम सीमित रखना लाभदायक रहेगा। पर्याप्त विश्राम जरूरी रहेगा। स्मरण शक्ति और एकाग्रता अच्छी रहेगी। लकी कलर – वार्म कोरल, लकी नंबर – 9

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *