भाजपा विधायक अनिल सिंह का सपा पर हमला:कहा- खाली प्लाट हमारा है, सपा की पहचान बन चुकी है

Actionpunjab
3 Min Read




उन्नाव के पुरवा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक अनिल सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अवैध कब्जों, जुए और सट्टे के कारोबार को लेकर सपा को घेरा। विधायक ने दावा किया कि पुरवा विधानसभा क्षेत्र में करीब 2000 बीघा भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है, जिसकी पूरी सूची जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। एक कार्यक्रम के दौरान बातचीत में विधायक अनिल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी और अन्य जमीनों पर अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही उन लोगों के नाम उजागर किए जाएंगे, जिन्होंने कथित तौर पर जमीनों पर अवैध कब्जा कर रखा है। भाजपा विधायक ने पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक और उनके करीबी लोगों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ लोगों के संरक्षण में सट्टा और जुआ जैसे अवैध कारोबार संचालित हो रहे हैं। विधायक ने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बंद कमरों में जुआ खिलवाने वालों और गलत गतिविधियों में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। अनिल सिंह ने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो स्थानीय पुलिस के साथ-साथ विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की मदद से भी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को उनके कृत्यों का जवाब देना होगा। विकास कार्यों को लेकर भी विधायक अनिल सिंह ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने पूर्व विधायक को लगभग दो दशक तक अवसर दिया, लेकिन क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो सका। इसके विपरीत, भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों ने सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने, सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया गया है। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास और जनता की सेवा है।
समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए अनिल सिंह ने कहा कि “खाली प्लॉट हमारा है” अब सपा की पहचान बन चुकी है। उन्होंने जनता से अपील की कि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों से सावधान रहें तथा विकास के मुद्दों पर ध्यान दें।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *