हाथरस में सड़क हादसे में युवक की मौत:स्कूटी सवार को कंटेनर ने टक्कर मारी, बेंगलुरु में प्राइवेट नौकरी करता था

Actionpunjab
2 Min Read




हाथरस में चन्दपा कोतवाली क्षेत्र के गांव विशाना के पास तरुण कोल्ड स्टोरेज के सामने देर शाम हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब स्कूटी सवार युवक को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, आगरा के रामनगर खंदौली निवासी निमेष उदेनिया पुत्र सतीश चंद्र अपनी स्कूटी से हाथरस स्थित वसुंधरा कॉलोनी में रहने वाली अपनी बुआ के घर जा रहे थे। जैसे ही वह चन्दपा क्षेत्र में तरुण कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निमेष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चन्दपा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों और रिश्तेदारों से मिली जानकारी के अनुसार, निमेष उदेनिया तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह अवकाश पर घर आए हुए थे और अगले दिन बेंगलुरु लौटने वाले थे। बताया गया कि उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उनकी एक वर्ष की बेटी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आगरा के रामनगर खंदौली से परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *