धौलपुर में 220केवी GSS में फिर लगी आग:12 से ज्यादा कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति हुई बाधित

Actionpunjab
2 Min Read




धौलपुर शहर के बाड़ी रोड स्थित 220 केवी जीएसएस में मंगलवार को आग लग गई। इस घटना के कारण 12 से ज्यादा कॉलोनियों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि लगभग 2 महीने पहले भी इसी जीएसएस में आग लगने की घटना हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग विद्युत तारों में हुई स्पार्किंग के कारण लगी। चिंगारी पास में खड़ी सूखी घास पर गिरने से आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते धुएं का गुबार और आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दमकल की 2 गाड़ियों ने 3 घंटे में पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की 2 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मोहन ने बताया कि आग पर काबू पाने में लगभग 3 घंटे का समय लगा। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को जीएसएस के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारण जीएसएस से जुड़ी एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को गर्मी के बीच परेशानी का सामना करना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक, आग से जीएसएस के कुछ विद्युत उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, विद्युत विभाग ने अभी तक नुकसान का आधिकारिक आकलन जारी नहीं किया है। जीएसएस में लगातार दूसरी बार आग लगने की घटना ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्युत विभाग के अधिकारी आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की जांच कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने जीएसएस परिसर में सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *