पाइप हटाने को लेकर युवक को पीटा:मारपीट CCTV में कैद हुई, दो भाइयों पर हत्या का आरोप

Actionpunjab
3 Min Read




फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र स्थित आजाद नगर में बोरिंग के पाइप हटाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक के साथ मारपीट होते हुए दिख रही है। परिजनों ने दो सगे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। आजाद नगर की गली नंबर-7 निवासी मधु शंखवार पत्नी चंद्रप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया। उनके देवर रूपकिशोर उर्फ नन्नू ने 8 जून की रात करीब 10 बजे मोहल्ले के विवेक और विकास (पुत्रगण राजकुमार) से बोरिंग के पानी का पाइप हटाने को कहा था। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विवेक और विकास ने रूपकिशोर के साथ गाली-गलौज की और जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान रूपकिशोर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजन उन्हें तलाशते हुए मौके पर पहुंचे और अचेत अवस्था में घर ले आए। परिजनों के अनुसार, रातभर दर्द से तड़पने के बाद रूपकिशोर को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने पेट में गंभीर चोट बताते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया। आगरा में इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने मामले को और गंभीर बना दिया है। परिजनों का दावा है कि फुटेज में रूपकिशोर के साथ हुई पूरी मारपीट कैद है। मृतक की भाभी ने आरोप लगाया कि आरोपियों की पिटाई के कारण ही रूपकिशोर की मौत हुई है और उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *