जल योजना कर्मचारियों का जलदाय विभाग में प्रदर्शन:सुरक्षा, बीमा और मानदेय बढ़ाने की मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

Actionpunjab
2 Min Read




झालावाड़ में जनता जल योजना के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जलदाय विभाग कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सुरक्षा, सेवा नियमों, बीमा, चिकित्सा सुविधाओं, मानदेय वृद्धि और पृथक कैडर सहित अन्य मांगों के संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा। कर्मचारियों ने ज्ञापन में बताया कि वे वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जोखिम भरी परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। इनमें पंप संचालन, विद्युत उपकरणों का रखरखाव, मोटर मरम्मत और आपूर्ति व्यवस्था जैसे अत्यधिक जोखिम वाले कार्य शामिल हैं। हालांकि, उन्हें विभागीय कर्मचारियों के समान सुरक्षा, बीमा और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं नहीं मिलती हैं। जिलाध्यक्ष मोहनलाल प्रजापत ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि 8 जून को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीन घड़साना (श्रीगंगानगर) में कार्यरत जनता जल योजना कर्मचारी मेजर सिंह पुत्र गुरदीप सिंह को पंप संचालन के दौरान अचानक विद्युत करंट लग गया था। इस दुर्घटना में उनकी जान बाल-बाल बची। उन्होंने कहा कि यदि हालात विपरीत होते तो एक और कर्मचारी की जान जा सकती थी। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी सुरक्षा, बीमा और सेवा सुरक्षा को लेकर अब तक कोई ठोस नीति लागू नहीं की गई है। जनता जल योजना के कर्मचारी वर्षों से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन प्रस्तुत करते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने इस विषय पर तत्काल निर्णय लेने की आवश्यकता पर जोर दिया। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में जनता जल योजना पर कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी का कम से कम 50 लाख रुपए का जीवन बीमा और दुर्घटना बीमा तत्काल प्रभाव से करने की मांग शामिल है। इसके अलावा, ड्यूटी के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने वाले कर्मचारियों को विभागीय कर्मचारियों की तरह संपूर्ण चिकित्सा सुविधा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। इस दौरान पहलवान सिंह, बिरमलाल, गोविंद सिंह, चैन सिंह, लाखन सिंह, नारायण सिंह, श्याम सिंह, रमेश बैराग और संजय कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *