![]()
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के लिए परिवहन विभाग ने जनसहभागिता बढ़ाने की पहल शुरू की है। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने प्रदेश के ग्राम प्रधानों, अधिवक्ता संघों, बार एसोसिएशनों, विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। ग्राम प्रधानों से ग्रामीणों को जागरूक करने का अनुरोध परिवहन आयुक्त ने ग्राम प्रधानों को भेजे गए पत्र में कहा है कि वे गांवों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं और ग्रामीण समाज में उनकी बात को सम्मानपूर्वक सुना जाता है। ऐसे में यदि ग्राम प्रधान हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे तो ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आ सकती है। अधिवक्ता से भी सहयोग की अपील अधिवक्ता संघों और बार एसोसिएशनों को भेजे गए पत्र में परिवहन आयुक्त ने कहा कि अधिवक्ता समाज कानून और नियमों की गहरी समझ रखने वाला बौद्धिक वर्ग है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपने सदस्यों और उनके परिवारों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग के लिए प्रेरित करने तथा यातायात नियमों के पालन का संदेश देने का अनुरोध किया है। स्कूलों के माध्यम से भी चलाया जाएगा जागरूकता अभियान परिवहन विभाग ने प्रदेश भर के विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को भी पत्र भेजकर सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की अपील की है। विभाग का मानना है कि विद्यालयों के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों तक सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। केवल प्रवर्तन नहीं, जागरूकता पर भी फोकस परिवहन विभाग एक ओर हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जनजागरूकता के माध्यम से लोगों के व्यवहार में बदलाव लाने का प्रयास भी कर रहा है। परिवहन आयुक्त की इस पहल से स्पष्ट है कि विभाग सड़क सुरक्षा को केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप देकर दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या में कमी लाने की दिशा में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना चाहता है।
हेलमेट और सीट बेल्ट के लिए जनजागरण अभियान तेज:परिवहन आयुक्त ने ग्राम प्रधानों, अधिवक्ताओं और स्कूल प्रबंधकों को लिखा पत्र
Leave a comment