झालावाड़ पीजी कॉलेज में शुरू हुआ स्पेनिश भाषा कोर्स:20 तक कर सकेंगे आवेदन, 4 महीने का होगा पाठ्यक्रम

Actionpunjab
2 Min Read




झालावाड़ के पीजी कॉलेज में स्पेनिश भाषा का चार माह का प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। राज्य सरकार ने वैश्विक रोजगार अवसरों और विदेशी भाषाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकारी कॉलेजों में यह विदेशी भाषा शिक्षा कार्यक्रम प्रारंभ किया है। यह पाठ्यक्रम राजस्थान महाविद्यालय शिक्षा आयुक्तालय और हैदराबाद स्थित अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित होगा। इसका संचालन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जाएगा, जिससे छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की भाषा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। पाठ्यक्रम में स्पेनिश भाषा की मूलभूत जानकारी, संवाद कौशल, शब्दावली और दैनिक जीवन में व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 12वीं कक्षा पास स्टूडेंट्स कर सकते है अप्लाई
इच्छुक अभ्यर्थी 20 जून तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में भरकर आवश्यक दस्तावेजों और शुल्क रसीद के साथ कॉलेज में जमा करना होगा। प्रवेश के लिए 12वीं कक्षा की अंकतालिका, राजस्थान मूल निवास प्रमाण पत्र और कॉलेज द्वारा निर्धारित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। कॉलेज और राज्य विश्वविद्यालयों के छात्रों के लिए शुल्क एक हजार रुपए निर्धारित किया गया है, जबकि निजी कॉलेजों के छात्रों को दो हजार रुपए देने होंगे। राजस्थान के अन्य पात्र अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 100 अंकों की होगी परीक्षा
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, स्पेनिश भाषा का ज्ञान छात्रों के लिए रोजगार, उच्च शिक्षा, पर्यटन, अनुवाद, अंतरराष्ट्रीय व्यापार तथा विदेशों में अध्ययन और करियर के नए अवसरों के द्वार खोलने में सहायक सिद्ध होगा। यह पाठ्यक्रम युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा। पाठ्यक्रम पूर्ण करने के लिए छात्रों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। पाठ्यक्रम के अंत में 100 अंकों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। सफल अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जो उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर दिलाने में सहायक होगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *