विधायक के घर आगे युवक पर चाकुओं से हमला:पुरानी रंजिश को लेकर किया गया हमला, चाकू से 10 वार किए, अस्पताल में एडमिट

Actionpunjab
2 Min Read




कोटा शहर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला नयापुरा थाना क्षेत्र के दोस्तपुरा इलाके का है, जहां कोटा उत्तर के कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल वही लाडपुरा के बीजेपी विधायक कल्पना देवी के निवास से महज दो मकान आगे एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार नेहरू कॉलोनी निवासी फैजान खान उर्फ सन्नी पर उसके पड़ोसियों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला किया। बताया जा रहा है कि शनिवार को फैजान घर से चक्की पर आटा लेने जा रहा था। इसी दौरान दोस्तपुरा इलाके में आरोपी विट्टू और फरान ने उसे रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में फैजान के चेहरे, पीठ और हिप पर 8 से 10 वार किए गए। गंभीर रूप से घायल फैजान को परिजनों और पुलिस की मदद से तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी एसपी डॉ. पूनम और नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि घायल और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। घायल की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *