![]()
सहारनपुर के फतेहपुर थाना पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद एक कथित गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गौकशी के उपकरण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा पुलिस टीम के साथ ग्राम सबरीपुर जाने वाले नदी मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते में बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर आरोपियों ने दोबारा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान खुजनावर निवासी ईनाम पुत्र बाबू के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया गया। वहीं उसका साथी अनीस पुत्र नसीम उर्फ बेला निवासी खुजनावर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में कॉम्बिंग कर रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस .315 बोर, एक रस्सी, तीन छुरे, एक कुल्हाड़ी, एक लकड़ी का गुटका तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, गुंडा एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में गोकश घायल… एक फरार:फायरिंग करके बदमाश भागने लगे, बाइक फिसली तब भी चलते रहे गोली
Leave a comment