![]()
प्रदेश की 7 मेडिकल कॉलेजों में 1267 नियमित नर्सिंग पदों को समाप्त कर दिया गया है, जिसमें चूरू के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल कॉलेज के 146 पद भी शामिल हैं। इस सरकारी आदेश के विरोध में सोमवार को डीबी अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर सामूहिक अवकाश पर रहे। हालांकि, राजमेस से आए नर्सिंग अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारू रखीं। राज्य सरकार ने इन नियमित पदों को समाप्त कर अब राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग सिविल पोस्ट रूल्स के तहत नियुक्तियां करने का आदेश जारी किया है। इस फैसले से नर्सिंग स्टाफ में भारी आक्रोश है और वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। सामूहिक अवकाश पर गए नर्सिंग अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में धरना दिया और राज्य सरकार व चिकित्सा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनकी मुख्य मांग नियमित पदों की बहाली और कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. रमाकांत वर्मा ने बताया कि नर्सिंग अधिकारियों के सामूहिक अवकाश पर होने के बावजूद राजमेस से आए नर्सिंग अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला। उन्होंने पुष्टि की कि अस्पताल में सेवाएं दिनभर सुगम और सुचारू रहीं। डीबी अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर प्रदीप चौधरी ने बताया कि नियमित पद समाप्त होने के बाद इन कर्मचारियों की स्थिति को लेकर काफी असमंजस है। उन्होंने मुख्यमंत्री, चिकित्सा मंत्री और शासन सचिव के नाम एक ज्ञापन सौंपकर अपनी चिंताओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की।
मेडिकल कॉलेजों में नियमित नर्सिंग पद समाप्त करने का विरोध:नर्सिंग ऑफिसर सामूहिक अवकाश पर रहे, राजमेस स्टाफ ने संभाली व्यवस्था
Leave a comment