हरियाणा में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट:50 किमी की स्पीड से चलेंगी हवाएं; जून के पहले 15 दिनों में अब तक 20.3 mm बारिश

Actionpunjab
4 Min Read




हरियाणा में आज भी आंधी-बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने हरियाणा के सभी 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। खास बात यह है कि 19 जून तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। कल सभी 22 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ आसमानी बिजली कड़कने के आसार हैं। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के 5 दिनों के बुलेटिन के मुताबिक, 17 जून को मौसम साफ रह सकता है। मगर, 18 और 19 जून को एक बार फिर मौसम करवट बदलेगा और पूरे राज्य में धूलभरी हवाओं के साथ बारिश का दौर दोबारा शुरू हो जाएगा। वहीं एक दिन पहले सोमवार को आई आंधी और तेज बारिश के कारण हांसी में एक की मौत हो गई एक घायल हो गया। वहीं मोबाइल टावर गिर गया। इसके अलावा हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, नारनौल, रेवाड़ी, सोनीपत, फतेहाबाद और पानीपत में आंधी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भिवानी के सिवानी में धूल का करीब 100 मीटर ऊंचा बवंडर दिखाई दिया। उधर, सोनीपत, फतेहाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हांसी, रेवाड़ी, झज्जर और सिरसा में बारिश हुई। गुरुग्राम में सड़कों पर बारिश का पानी भर गया। हरियाणा में आंधी और बारिश से नुकसान की तस्वीरें… जून के शुरुआती 15 दिनों में जमकर बरसे मेघ
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 15 जून के बीच हरियाणा में प्री-मानसून की अच्छी गतिविधियां देखने को मिली हैं। इस आधे महीने में पूरे सूबे में औसतन 20.3 mm बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि इस अवधि की सामान्य बारिश (17.3 mm) से 17% अधिक है। पश्चिमी विक्षोभ के बार-बार सक्रिय होने से पलवल, रेवाड़ी, फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र जैसे जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी बरसा है, जिसने जून की शुरुआत में ही लोगों को तपती गर्मी से बचा लिया है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… 40 डिग्री के नीचे आया पारा, फरीदाबाद सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.8°C की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान फरीदाबाद में 39.2°C रिकॉर्ड किया गया, जो कि 40 डिग्री से नीचे है। वहीं, गुरुग्राम में 36.2°C और हिसार में 36.9°C पारा दर्ज हुआ। सिरसा में हाल ही में सबसे ज्यादा 19 mm बारिश दर्ज की गई है। रात के पारे में गिरावट, उमस से मिली बड़ी राहत
दिन में चल रही ठंडी हवाओं और धूलभरी आंधी के कारण सूबे में रात के न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट आई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात का पारा सामान्य से 1.5°C से लेकर 3.1°C तक नीचे लुढ़क गया है। देर शाम और रात के समय चल रही ठंडी हवाओं की वजह से उमस भरी गर्मी गायब हो गई है और ग्रामीण व शहरी इलाकों में रातें काफी आरामदायक और ठंडी हो गई हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *