नोएडा यमुना-हिंडन डूब क्षेत्र में चलेगा बुलडोजर:20 जून तक अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम, नहीं तो सर्किल अधिकारियों पर गिरेगी गाज

Actionpunjab
2 Min Read




यमुना और हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में तेजी से हो रहे अवैध निर्माणों पर अब नोएडा प्राधिकरण ने चार दिन का अल्टीमेटम दिया है। प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेशन ने संबंधित अधिकारियों को 20 जून तक बड़े स्तर पर अभियान चलाकर सभी अवैध पक्के निर्माण को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि तय समयसीमा तक कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित सर्किल अधिकारियों को हटा दिया जाएगा। यमुना और हिंडन नदी का डूब क्षेत्र प्राधिकरण का नोटिफाइड एरिया है। यहां किसी भी प्रकार के स्थायी निर्माण नहीं किया जा सकता। बावजूद इसके सालों से यहां अवैध फार्म हाउस, पक्के मकान, रिसॉर्टनुमा ढांचे और स्विमिंग पूल तक बना दिए गए।
चार दिन में तोड़ा जाए अवैध निर्माण
सीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माणाधीन और पहले से बने सभी अवैध पक्के ढांचों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त किया जाए। अधिकारियों को चार दिन के अंदर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि डूब क्षेत्र में अवैध बसावट और निर्माण के कारण बाढ़ के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को रेस्क्यू करना पड़ता है।

यहां सबसे ज्यादा अवैध निर्माण
यमुना नदी नोएडा के सेक्टर-94, 124, 125, 127, 128, 131, 133, 134, 135, 168 और 150 के आसपास से गुजरती है। वहीं हिंडन नदी छिजारसी से प्रवेश कर सेक्टर-63ए, बेहलोलपुर, शहदरा, सुथियाना, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-123, 118, 115, 143, 143ए, 148 और 150 होते हुए मोमनाथल के पास यमुना में मिलती है। इन दोनों नदियों के किनारे स्थित डूब क्षेत्र में बड़ी संख्या में अवैध फार्म हाउस और पक्के निर्माण खड़े हो चुके हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *