यमुनानगर में वाहन ने 10 भैंसों को कुचला:ताहरपुर रोड पर हादसा, 4 की मौत, 6 गंभीर घायल; ड्राइवर फरार

Actionpunjab
3 Min Read




यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में गांव ताहरपुर के पास ताहरपुर-इब्राहिमपुर रोड पर एक तेज रफ्तार वाहन ने भैंसों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। आशंका है कि रात के समय भैंसें तबेले से निकलकर सड़क पर पहुंच गई थीं, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सुबह जब भैंसों के मालिक मोहम्मद हसन ने तबेले में पशुओं को नहीं देखा, तो उनकी तलाश शुरू की। तलाश करते हुए वह सड़क पर पहुंचे, जहां उनकी भैंसें खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। करीब 8 लाख रुपए का नुकसान गांव ताहरपुर निवासी मोहम्मद हसन ने बताया कि मृत और घायल सभी भैंसें उनकी थी। हादसे में उन्हें करीब आठ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि एक भैंस की कीमत एक लाख रुपए से ज्यादा है। मोहम्मद हसन के अनुसार, रात को सभी भैंसें तबेले में बंधी हुई थी, उन्हें यह पता नहीं चल पाया कि वे कब और कैसे तबेले से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि मृत और घायल पशुओं में तीन भैंसें गर्भवती भी थीं, जिससे उनका नुकसान और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने जताया रोष हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि ताहरपुर-इब्राहिमपुर रोड पर ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहन लगातार दौड़ते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार शिकायतें करने और जनता दरबार में मुद्दा उठाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गति नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस हादसे की सूचना मिलने पर छछरौली थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और भैंस मालिक सहित अन्य ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार ट्रक या अन्य भारी वाहन ने भैंसों को टक्कर मारी है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *