![]()
कोटा के बोरखेड़ा स्थित गंगा विजन संस्थान में आवासित विशेष बच्चों के लिए एक मनोरंजक और प्रेरणादायक जादू शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना था। कार्यक्रम में इतिहासविद एवं समाजसेवी दीपिका सिंह, मनोविज्ञान विशेषज्ञ संस्थान के अध्यक्ष एवं मनोवैज्ञानिक वरुण रस्सेवट, प्रोजेक्ट डायरेक्टर शुभी गुप्ता, बाल अधिकारिता विभाग की काउंसलर एवं साइकोलॉजिस्ट मधु कुमारी, साइकोलॉजिस्ट कुंज बिहारी शर्मा तथा सुपरवाइजर धनपाल प्रजापत मौजूद रहे। जादूगर अल्फाज़ अली ने अपने शानदार और रोमांचक जादुई करतबों से बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। रंग-बिरंगे जादुई प्रदर्शन देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकार का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्सुकता साफ दिखाई दी। समाजसेवी दीपिका सिंह ने बच्चों को खुशहाल जीवन जीने के लिए सकारात्मक सोच और आनंदित रहने के तरीके बताए। वहीं मनोवैज्ञानिक वरुण रस्सेवट ने बच्चों और उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग करने का संदेश देते हुए कहा कि नियमित योग से मानसिक शांति मिलती है और व्यक्ति का भावनात्मक संतुलन बेहतर होता है। काउंसलर मधु कुमारी और साइकोलॉजिस्ट कुंज बिहारी शर्मा ने भी मानसिक स्वास्थ्य और मनोवैज्ञानिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। आयोजन ने बच्चों को खुशी, मनोरंजन और प्रेरणा का अनमोल अनुभव प्रदान किया।
विशेष बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाया जादू शो:गंगा विजन संस्थान में योग और सकारात्मक सोच का संदेश दिया
Leave a comment