जन्मदिन मनाकर लौट रहे तरनतारन के युवक हादसे के शिकार:एक की मौत-4 घायल, अमृतसर में पार्टी में गए थे, हाईवे पर कार ट्राले से भिड़ी

Actionpunjab
3 Min Read




अमृतसर-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां दोस्त का जन्मदिन मनाकर कार से लौट रहे पांच युवकों की गाड़ी एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और इस हादसे में 19 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार चार अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। केक काटने के बाद लौट रहे थे गांव, रास्ते में काल बनकर आया ट्रेलर प्राप्त जानकारी के अनुसार, खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के अधीन आते गांव कदगिल के रहने वाले पांच दोस्त अपने साथी स्माइलप्रीत सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए अमृतसर के एक होटल में गए थे। होटल में केक काटकर और खुशी का जश्न मनाने के बाद, रात करीब 11 बजे वे सभी स्विफ्ट कार में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर स्थित गांव बंदले के पास पहुंची, तो आगे जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार गुरलाल सिंह (19) पुत्र निशान सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चार दोस्त गंभीर रूप से घायल, अस्पतालों में भर्ती हादसे में कार सवार अन्य चार दोस्त—संदीप सिंह, हरप्रीत सिंह, राजदीप सिंह और जन्मदिन मना रहा स्माइलप्रीत सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल करवाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। नौकरी की तलाश में था मृतक गुरलाल, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ ग्रामीणों ने बताया कि मृतक गुरलाल सिंह ने पिछले साल ही 12वीं कक्षा पास की थी और वह अपने परिवार का सहारा बनने के लिए नौकरी की तलाश कर रहा था। गुरलाल के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है और जवान बेटे की इस अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। बुधवार शाम को गमगीन माहौल में कदगिल गांव में गुरलाल सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना जंडियाला गुरु की पुलिस और बंडाला पुलिस चौकी के इंचार्ज हरदीप सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर अज्ञात फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *