![]()
रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार रात बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर करीब 7 लाख रुपए के जेवरात लूट लिए। वारदात लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, अंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी रमन सोनी (28) रतापुर चौराहे के पास ज्वेलरी की दुकान संचालित करते हैं। गुरुवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर जेवरात से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। विरोध करने पर पैर में मारी गोली बताया जा रहा है कि छजलापुर के पास हाईवे पर पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। जब रमन ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद जेवरात से भरा बैग लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी के मुताबिक बैग में करीब 7 लाख रुपये मूल्य के जेवरात रखे हुए थे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल व्यापारी को संभाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रमन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने गठित की टीमें घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि सर्राफा व्यवसायी के साथ लूट और गोली मारने की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की जांच जारी है।
सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर 7 लाख के जेवर लूटे:दुकान बंद कर घर लौट रहे थे कारोबारी, हाईवे पर घात लगाए बैठे बदमाश
Leave a comment