पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौकश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली:देवबंद में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे, एक साथी फरार

Actionpunjab
2 Min Read




सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक हिस्ट्रीशीटर और गौकशी में फरार हुआ गोकश घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, देर रात सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह और शिवम चौधरी पुलिस टीम के साथ ग्राम दीवालहेड़ी पुलिया के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने लगे। कच्चा रास्ता और रेत होने के कारण उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी पास के खेत में घुस गए और पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहसान पुत्र असगर निवासी ग्राम भनहेड़ा खास, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवबंद में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, .315 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, अहसान थाना देवबंद का हिस्ट्रीशीटर है। उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 76 ए दर्ज है। वह गोकशी के एक मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ देवबंद थाना समेत जिले के विभिन्न थानों में गोकशी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और गिरोहबंद अधिनियम सहित करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *