संतकबीरनगर में जांच करने गई खाद्य टीम के साथ अभद्रता:बिना लाइसेंस दूध कारोबार की शिकायत पर पहुंची थी, 3 पर केस दर्ज

Actionpunjab
2 Min Read




संतकबीरनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। यह घटना शहर में बिना लाइसेंस दूध एवं दुग्ध उत्पादों के कारोबार की जांच के दौरान हुई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर खलीलाबाद पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सच्चिदानंद गुप्ता ने तहरीर में बताया, शुक्रवार दोपहर करीब 4:30 बजे बंजरिया स्थित मैसर्स नवमी ट्रेडर्स का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान का संचालन शंकर जायसवाल कर रहे थे। जब टीम ने खाद्य लाइसेंस और पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो शंकर जायसवाल ने अपने बेटों पवन जायसवाल और प्रवीन उर्फ गोलू जायसवाल को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने टीम के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की, जिससे जांच बाधित हुई। हालात बिगड़ने और टीम के असुरक्षित महसूस करने पर अधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर एसडीएम खलीलाबाद को घटना की जानकारी दी। इसके बाद नायब तहसीलदार और पुलिस बल की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा टीम दोबारा प्रतिष्ठान पर पहुंची। हालांकि, तब तक पवन जायसवाल और प्रवीन उर्फ गोलू जायसवाल मौके से फरार हो चुके थे। मौके पर मौजूद नवीन जायसवाल ने अधिकारियों को बताया कि प्रतिष्ठान के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कोई खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण नहीं कराया गया है। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने पुष्टि की कि शंकर जायसवाल, पवन जायसवाल और प्रवीन उर्फ गोलू जायसवाल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता करने तथा अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *