![]()
अमेठी में आज तीन सेंटरों पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 913 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए 150 से अधिक पुलिसकर्मी और पीएसी की एक कंपनी तैनात की गई है। प्रश्नपत्रों को लाने-ले जाने के लिए अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। प्रत्येक सेंटर पर एक सैनिटाइजेशन टीम भी मौजूद रहेगी, जो परीक्षा कक्षों और आसपास के क्षेत्रों की जांच करेगी। परीक्षार्थियों को मैग्नीफाइंग ग्लास से जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। नीट परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। नवोदय विद्यालय में 217, आरआरपीजी कॉलेज में 360 और रणवीर इंटर कॉलेज में 336 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। पुलिस अधीक्षक सरवनन टी ने बताया कि जिले में नीट परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न कराई जाएगी। सभी सेंटरों पर सुबह से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अमेठी के तीन सेंटरों पर नीट परीक्षा आज:913 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम, अर्धसैनिक बल और पुलिस तैनात
Leave a comment