![]()
यमुनानगर के दामला क्षेत्र में 17 वर्षीय लड़के ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पिछले कई दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और परिजनों के अनुसार वह शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। मां उसे रविवार को डॉक्टर के पास ले जाने वाली थी, लेकिन उससे एक दिन पहले ही उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक के नशे की लत से परेशान होने की बात सामने आई है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतक की पहचान बिहार के जिला मुजफ्फरपुर के गांव मेथनापुरा निवासी रवि के रूप में हुई है। 15 दिन से तबीयत खराब होने की कह रहा था बात मृतक की मां रामपड़ी देवी ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से यमुनानगर में रह रहा है। वह स्वयं दामला स्थित एक प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करती हैं और रवि भी उनके साथ उसी फैक्ट्री में मजदूरी करता था। उन्होंने बताया कि रवि पिछले करीब 15 दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। वह लगातार अपनी तबीयत खराब होने की शिकायत कर रहा था और डॉक्टर को दिखाने की जिद कर रहा था। उन्होंने उसे रविवार को छुट्टी के दिन डॉक्टर के पास ले जाने का आश्वासन दिया था। रामपड़ी देवी के अनुसार शनिवार सुबह वह फैक्ट्री में काम पर चली गई थीं। रवि घर पर अकेला था। मां के दुप्पटे से बनाया फंदा उन्होंने उसे बताया था कि वह दोपहर में घर लौट आएंगी। जब वह करीब एक बजे खाना खाने के लिए घर पहुंचीं तो देखा कि रवि ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने मां के दुपट्टे से ही फंदा बनाया था। घर का दरवाजा खुला हुआ था। यह दृश्य देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। नशे का आदी होने की बात आई सामने परिजनों ने बताया कि परिवार में रवि के अलावा एक बड़ा भाई और एक बड़ी बहन है। बहन की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई गांव गया हुआ था। परिवार जल्द ही बड़े भाई के लिए रिश्ता देखने जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई। जांच अधिकारी सतपाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रवि नशे का आदी था और इसी कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था। प्राथमिक जांच में नशे की लत से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
यमुनानगर में नाबालिग ने फंदा लगाकर किया सुसाइड:मुजफ्फरपुर का रहने वाला, नशे से परेशान होकर 15 दिन से बीमार चल रहा था
Leave a comment