![]()
जैसलमेर के रीयल एस्टेट बाजार में अब तक का सबसे बड़ा धमाका होने जा रहा है। नगर विकास न्यास (यूआईटी) अपनी सबसे महत्वाकांक्षी ‘गोल्डन ओएसिस फार्म हाउस योजना जैसलमेर’ को धरातल पर उतार रही है। इस ऐतिहासिक योजना के तहत मूल सागर के कीमती खसरा नंबर-13 व 14 में कुल 188 भूखंडों की खुली नीलामी की जाएगी, जिसमें 2,000 वर्ग मीटर के 142 आलीशान फार्म हाउस और 46 व्यावसायिक दुकानें शामिल हैं। यूआईटी ने इस बार शुरुआती आरक्षित दर मात्र 770 रुपए प्रति वर्ग मीटर तय की है, जिससे प्रति फार्म हाउस की न्यूनतम कीमत करीब 15.50 लाख रुपए रहेगी। इस मेगा प्रोजेक्ट की प्रीमियम नीलामी से यूआईटी के सरकारी खजाने में 50 करोड़ रुपए से भी ज्यादा का रिकॉर्ड राजस्व आने की उम्मीद है। मूल सागर के खसरा नंबर-13 व 14 पर बनेगा लग्जरी हब यूआईटी ने इस पूरी योजना का खाका इस तरह तैयार किया है कि निवेशकों को शहर की भीड़भाड़ से दूर एक ही छत के नीचे बेहतरीन ग्रीन बेल्ट और लग्जरी स्पेस मिल सके। इसके लिए जैसलमेर के सबसे हॉट और प्रीमियम कनेक्टिविटी वाले रूट मूल सागर (खसरा नंबर-13 व 14) को चुना गया है। यह इलाका आने वाले समय में जैसलमेर का सबसे वीआईपी रियल एस्टेट डेस्टिनेशन बनने जा रहा है, जहां से मुख्य हाईवे और शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्रों तक पहुंचना बेहद आसान है। मध्यमवर्ग से लेकर बड़े कॉर्पोरेट के लिए गोल्डन चांस नीलामी में शामिल होने वाले प्रत्येक फार्म हाउस का साइज 2,000 वर्ग मीटर तय किया गया है। इतने बड़े आकार में लोग अपनी पसंद के अनुसार आलीशान विला, स्विमिंग पूल, बागवानी या मॉडर्न फार्मिंग एरिया विकसित कर सकेंगे। रियल एस्टेट जानकारों की मानें तो मात्र 770 रुपए प्रति वर्ग मीटर की किफायती आरक्षित दर के कारण यह स्कीम मध्यमवर्गीय परिवारों से लेकर बड़े कॉरपोरेट निवेशकों के लिए एक जीवनभर का सुनहरा मौका साबित होने वाली है। वहीं 46 व्यावसायिक दुकानों के शामिल होने से यह क्षेत्र पूरी तरह आत्मनिर्भर और सर्वसुविधायुक्त लग्जरी टाउनशिप के रूप में विकसित होगा। पहली बार जैसलमेर में इतनी भव्य फार्म हाउस योजना नगर विकास न्यास के सचिव सुखाराम पिंडेल ने बताया, “यूआईटी द्वारा पहली बार जैसलमेर में इतनी भव्य फार्म हाउस योजना लाई जा रही है। इसके तहत मूल सागर में 2 हजार वर्ग मीटर के करीब 142 फार्म हाउस और 46 दुकानों की नीलामी की जाएगी।” अधिकारियों के मुताबिक, नीलामी की विस्तृत तारीखों, आवेदन की ऑनलाइन प्रक्रिया और इसके नियमों-शर्तों को लेकर यूआईटी जल्द ही विस्तृत विज्ञप्ति जारी कर बाजार में आधिकारिक घोषणा करेगी।
जैसलमेर यूआईटी बेचेगा मूलसागर में फॉर्म हाउस:'गोल्डन ओएसिस फार्म हाउस योजना' के 142 लग्जरी फार्म हाउस और 46 दुकानों की होगी खुली नीलामी
Leave a comment