![]()
फतेहाबाद जिले के रतिया शहर में अवैध कनेक्शन काटने गई पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। मौके पर डायल 112 टीम को भी बुलाया गया। दरअसल, टीम टोहाना रोड स्थित श्रीगुरु नानक सर्विस स्टेशन पर पहुंची। यहां दो अवैध कनेक्शन मिले, जो सीधे पेयजल सप्लाई लाइन से जुड़े हुए थे। जब टीम इन कनेक्शनों को हटाने पहुंची, तो सर्विस स्टेशन संचालक ने कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। इसके बाद टीम ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस की सहायता ली। पुलिस की मौजूदगी में दोनों अवैध कनेक्शन काटे गए। विभाग ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और दुर्व्यवहार करने की शिकायत दर्ज करवाई है। 37 अवैध कनेक्शन काटे गए डब्ल्यूएसएसओ के जिला सलाहकार शर्माचंद लाली ने बताया कि रतिया शहर में पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए अभियान चलाया हुआ है। इस दौरान टोहाना रोड और बुढलाडा रोड क्षेत्रों में कुल 37 अवैध कनेक्शन काटे गए। इनमें 9 सर्विस स्टेशनों, 12 हरे चारे एवं सब्जियों की सिंचाई में उपयोग किए जा रहे कनेक्शन और 16 अन्य अवैध कनेक्शन शामिल है। विभाग के अनुसार, इन अवैध कनेक्शनों के कारण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही थी। कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इस कार्रवाई के बाद जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों को राहत मिली है। सीएम फ्लाइंग टीम ने उपलब्ध करवाई थी लिस्ट शर्माचंद लाली ने बताया कि इन सर्विस स्टेशनों की सूची मुख्यमंत्री उड़नदस्ता द्वारा विभाग को उपलब्ध करवाई गई थी। उन्हें शिकायतें मिली थीं कि व्यावसायिक कार्यों में पेयजल के दुरुपयोग के कारण शहर के कई क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा था।
फतेहाबाद में अवैध कनेक्शन काटने गई टीम से अभद्रता:मौके पर बुलाई डायल-112; सर्विस स्टेशन संचालक के खिलाफ पुलिस को दी शिकायत
Leave a comment